गाजीपुर
विश्व पर्यावरण दिवस पर पौध वितरण एवं वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
इब्राहिमपुर ओड़ासन में हुआ पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम
गाजीपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जयनाथ शास्त्री लघु माध्यमिक विद्यालय, इब्राहिमपुर ओड़ासन के प्रांगण में गुरुवार को पौध वितरण एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम ग्रामीण नगरी पुनररोत्थान समिति ओड़ासन के तत्वावधान में संपन्न हुआ, जिसमें पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
वृक्षारोपण कर दिया हरियाली का संदेश
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने पौधरोपण कर अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संकल्प लिया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ वायु और संतुलित प्रकृति के महत्व पर विशेष जोर दिया गया।
विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने की सहभागिता
कार्यक्रम में एकल अभियान काशी भाग के गतिविधि प्रमुख शिव शक्ति, अंचल अभियान प्रमुख अजय, अंचल संस्कार प्रमुख लक्ष्मण, संच प्रमुख सीमा, सुनीता जी, सीमा देवी तथा संच संस्कार प्रमुख संतोष सहित आचार्य बहनों ने वृक्षारोपण में सक्रिय भागीदारी निभाई।
वक्ताओं ने बताया वृक्षों का महत्व
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता विजय बहादुर सिंह ने कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन का आधार हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वायु, शुद्ध जल और संतुलित पर्यावरण के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाना समय की आवश्यकता है।
मुख्य अतिथि ने दिलाया संरक्षण का संकल्प
विद्यालय के संरक्षक राम जी सिंह ने उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे तो पर्यावरण से जुड़ी कई समस्याओं का समाधान संभव है।
पौध वितरण के साथ हुआ समापन
कार्यक्रम का संचालन प्रदीप कुमार ने किया। अंत में उपस्थित सभी लोगों को पौधे वितरित किए गए और पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय योगदान देने का संकल्प दोहराया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।
