गाजीपुर
करंट की चपेट में आने से किसान की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
आवारा पशुओं को भगाने गए किसान की खेत में हुई दर्दनाक मौत
गाजीपुर। भांवरकोल थाना क्षेत्र के शेरपुर खुर्द गांव में करंट की चपेट में आने से एक किसान की मौत हो गई। घटना बृहस्पतिवार रात की बताई जा रही है। किसान खेत में घुसे आवारा पशुओं को भगाने गया था, इसी दौरान वह विद्युत प्रवाह की चपेट में आ गया।
सुबह ग्रामीणों को मिली घटना की जानकारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार शेरपुर खुर्द निवासी 40 वर्षीय बबलू यादव पुत्र स्वर्गीय केसर यादव गांव के बाहर स्थित एक इंटर कॉलेज के समीप मक्का की खेती किए हुए थे। रात में खेत में पहुंचे आवारा पशुओं को भगाने के दौरान वह करंट की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
शुक्रवार सुबह खेत की ओर गए ग्रामीणों ने उन्हें खेत में पड़ा देखा। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे परिजन शव को घर ले आए और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
तीन बेटियों और एक बेटे के सिर से उठा पिता का साया
मृतक बबलू यादव तीन भाइयों में एक थे। उनके परिवार में तीन पुत्रियां और एक पुत्र हैं। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
अनोज कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
विद्युत विभाग ने शुरू कराई जांच
घटना के संबंध में मोहम्मदाबाद विद्युत उपखंड के अमित कुमार राय ने बताया कि मामला संज्ञान में है। पूरे प्रकरण की जांच अवर अभियंता से कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
गांव में शोक, जांच रिपोर्ट का इंतजार
घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। वहीं विद्युत विभाग की जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे दुर्घटना के कारणों का स्पष्ट पता चल सके।
