गाजीपुर
सफाई व्यवस्था की शिकायत पर गलत आख्या रिपोर्ट का आरोप, शिकायतकर्ता ने उठाए सवाल
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायत के निस्तारण में अनियमितता का मामला
गाजीपुर। देवकली ब्लॉक क्षेत्र में सफाई कर्मियों की कथित लापरवाही को लेकर ग्राम सभा सरवर नगर के एक निवासी द्वारा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076 पर दर्ज कराई गई शिकायत के निस्तारण को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
बिना शिकायतकर्ता से संपर्क के फाइनल रिपोर्ट का आरोप
शिकायतकर्ता का आरोप है कि पंचायत सचिव पीयूष कुमार सिंह द्वारा बिना उनसे संपर्क किए ही मामले में आख्या तैयार कर अंतिम रिपोर्ट प्रेषित कर दी गई। शिकायत में यह भी कहा गया है कि रिपोर्ट में शिकायतकर्ता के हस्ताक्षर नहीं हैं, जबकि स्थान खाली छोड़ दिया गया है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, जब उन्होंने इस संबंध में जानकारी मांगी तो उन्हें बताया गया कि “भैया आपके यहां सफाई कर्मी नहीं गए थे?” हालांकि शिकायतकर्ता का कहना है कि मुद्दा सफाई कर्मी के आने-जाने का नहीं बल्कि आख्या रिपोर्ट की प्रक्रिया और उसमें पारदर्शिता का है।
गवाहों के हस्ताक्षर पर भी सवाल
आख्या रिपोर्ट में गवाहों के हस्ताक्षर तो दर्ज हैं, लेकिन शिकायतकर्ता का कहना है कि वे उन गवाहों को जानते तक नहीं हैं। इससे पूरी प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
पंचायत सचिव का पक्ष
इस मामले में जब पंचायत सचिव पीयूष कुमार सिंह से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता की अनुपस्थिति में आख्या रिपोर्ट इसी तरह भेज दी जाती है।
शिकायतकर्ता ने लगाए गंभीर आरोप
शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस पूरे प्रकरण में पंचायत सचिव की मध्यस्थ भूमिका संदिग्ध है और मुख्यमंत्री कार्यालय को गलत आख्या रिपोर्ट भेजी गई है। उनका कहना है कि निचले स्तर पर अधिकारी खुलेआम अनियमितता कर रहे हैं, जबकि पंचायती राज विभाग इस पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहा है।
प्रशासनिक जांच की मांग
मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर नाराजगी बढ़ रही है और शिकायतकर्ता ने उच्च अधिकारियों से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।
