गाजीपुर
जमानियां पुलिस ने बोलेरो से 162 लीटर अवैध शराब बरामद की
810 पाउच ब्ल्यू लाइम देशी शराब के साथ एक तस्कर गिरफ्तार
बरेसर नहर पुलिया के पास कार्रवाई, आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज
गाजीपुर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत जमानियां पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 18 पेटी में रखे 810 पाउच ब्ल्यू लाइम देशी शराब तथा एक बोलेरो वाहन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार उपनिरीक्षक अश्वनी प्रताप सिंह ने मुखबिर की सूचना पर बरेसर नहर पुलिया के पास चेकिंग के दौरान प्रबुध कुमार मौर्या (23 वर्ष) पुत्र त्रिभुवन कुशवाहा निवासी गायघाट, थाना जमानियां को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 18 पेटी में 810 पाउच देशी शराब ब्ल्यू लाइम (प्रत्येक 200 एमएल) बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 162 लीटर है। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो वाहन संख्या यूपी-61 एल-5523 भी पुलिस ने जब्त कर लिया।
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना जमानियां में मु0अ0सं0 171/2026 के तहत धारा 60/72 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी थाना जमानियां में मारपीट, तोड़फोड़ और धमकी से संबंधित मुकदमा दर्ज है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि अवैध शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
