गोरखपुर
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों का मंडलायुक्त ने किया निरीक्षण
गीडा में 207.96 करोड़ रुपये की 95 परियोजनाओं का होगा लोकार्पण और शिलान्यास
जनसभा स्थल, सुरक्षा, पार्किंग और जनसुविधाओं की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
गोरखपुर। मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) क्षेत्र में तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों के साथ सभा स्थल, पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था तथा जनसुविधाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गीडा औद्योगिक क्षेत्र में ईडब्ल्यूएस-एलआईजी आवासीय परिसर एवं फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही मेसर्स एसआरवीके इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड का लोकार्पण भी प्रस्तावित है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री लगभग 207.96 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 95 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में औद्योगिक विकास के साथ आधारभूत सुविधाओं को भी मजबूती मिलेगी।
मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम को पूरी तरह व्यवस्थित एवं सुचारु ढंग से संपन्न कराया जाए। गर्मी के मौसम को देखते हुए जनसभा में आने वाले लोगों के लिए पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ पार्किंग स्थलों पर भी पानी की उपलब्धता बनाए रखने को कहा गया।
इसके अलावा कार्यक्रम स्थल पर चिकित्सकों की तैनाती, मोबाइल टॉयलेट, प्राथमिक चिकित्सा सुविधाएं तथा अन्य आवश्यक जनसुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
