खेल
पंचम स्वर्गीय रामाज्ञा सिंह स्मृति जिला कैरम समर लीग कल से शुरू
लीग में महिला एवं पुरुष वर्ग के एकल, युगल एवं मिश्रित युगल मुकाबले आयोजित किए जाएंगे
वाराणसी। वाराणसी जिला कैरम एसोसिएशन की ओर से प्रतिवर्ष आयोजित की जाने वाली जिला कैरम समर लीग का शुभारंभ 24 मई से होगा। यह प्रतियोगिता 4 जून तक इंग्लिशयालाइन स्थित श्रीमती चंद्र त्रिपाठी स्मृति क्रीड़ा कक्ष में आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता के अंतर्गत 10 दिनों तक प्रतिदिन सीनियर पुरुष एवं महिला वर्ग के एकल, युगल और मिश्रित युगल मुकाबले कराए जाएंगे। मैचों का समय शाम 6:00 बजे से रात 9:00 बजे तक निर्धारित किया गया है।
वाराणसी कैरम एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष एवं प्रवक्ता रमेश कुमार वर्मा द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन उत्तर प्रदेश कैरम एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री बैजनाथ सिंह 24 मई को शाम 6:00 बजे करेंगे। प्रतियोगिता के आयोजन सचिव अश्विनी चक्रवाल होंगे, जबकि प्रधान निर्णायक की जिम्मेदारी स्वयं रमेश कुमार वर्मा निभाएंगे। उन्होंने बताया कि इसी प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर एसोसिएशन के खिलाड़ियों की वर्ष 26-27 की नई रैंकिंग तय की जाएगी।
