वाराणसी
प्रशासनिक फेरबदल में आलोक वर्मा फिर पहुंचे वाराणसी
वाराणसी। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा किए गए हालिया प्रशासनिक फेरबदल में पीसीएस अधिकारी आलोक कुमार वर्मा की एक बार फिर वाराणसी में वापसी हुई है। इससे पहले वे एडीएम सिटी के रूप में लंबे समय तक बनारस में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। अब उन्हें वाराणसी मंडल में अपर आयुक्त (एडिशनल कमिश्नर) के पद पर नियुक्त किया गया है।
22 मई 2026 को जारी तबादला सूची के मुताबिक, आलोक वर्मा को मुख्य राजस्व अधिकारी (सीआरओ) सुल्तानपुर के पद से स्थानांतरित कर वाराणसी मंडल भेजा गया है। यहां वे मंडलायुक्त एस. राजलिंगम के अधीन अपनी जिम्मेदारियां निभाएंगे।
वाराणसी में अपने पूर्व कार्यकाल के दौरान आलोक वर्मा कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अतिक्रमण हटाओ अभियान, त्योहारों की व्यवस्थाओं तथा दालमंडी परियोजना जैसे अहम कार्यों से जुड़े रहे थे। महाकुंभ की तैयारियों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रही थी।
वर्ष 2024 में वे उस समय चर्चा में आए थे, जब होटल कारोबारी जफर अली खान और उनके भाई खुर्शीद के साथ विवाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस घटना को लेकर प्रशासनिक गलियारों में काफी चर्चाएं हुई थीं। वहीं, जारी तबादला सूची में सृष्टि धवन को सुल्तानपुर का नया मुख्य राजस्व अधिकारी नियुक्त किया गया है।
