Connect with us

वाराणसी

तेरह साल बाद गिरफ्त में आई एसिड अटैक की फरार आरोपी

Published

on

Loading...
Loading...

ब्यूटी पार्लर चला रही थी फरार महिला आरोपी, मृत कैशियर के नंबर से मिला सुराग

वाराणसी। जिले के सारनाथ क्षेत्र में वर्ष 2013 में हुए एसिड अटैक प्रकरण में 13 वर्षों से फरार चल रही विभा को पुलिस ने जबलपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला अपने बेटे के साथ जबलपुर के भेड़ाघाट इलाके में रहकर ब्यूटी पार्लर संचालित कर रही थी।

पुलिस के अनुसार, विभा की तलाश को लेकर दबाव लगातार बढ़ रहा था। उसकी मां ने हाईकोर्ट में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दाखिल करते हुए आशंका जताई थी कि एक व्यक्ति से रंजिश के चलते उसकी बेटी और नाती का अपहरण कर उनकी हत्या की जा सकती है। इसके बाद पुलिस ने महिला की तलाश तेज कर दी थी।

जानकारी के मुताबिक, वर्ष 2012 में विभा की अपने पड़ोस में किराये पर रहने वाले गुरुदयाल से करीबी संबंध थे। इसी दौरान गुरुदयाल ने रेशमा नाम की युवती से विवाह कर लिया। इससे नाराज होकर विभा ने उसी वर्ष गुरुदयाल के खिलाफ दुष्कर्म, प्रताड़ना और मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया था। मामले में सारनाथ पुलिस ने गुरुदयाल को जेल भेज दिया था।

इसके बाद वर्ष 2013 में रेशमा पर एसिड अटैक हुआ। इस मामले में गुरुदयाल ने विभा, उसकी बहन ममता और जीजा संतोष को नामजद कराया था। जांच के दौरान सारनाथ पुलिस ने ममता और संतोष को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

Advertisement

पुलिस ने बताया कि विभा पिछले 13 वर्षों से फरार चल रही थी और जबलपुर में अपने बेटे के साथ रह रही थी। उसकी मां की ओर से दी गई सूचना के बाद पुलिस ने तलाश अभियान तेज किया।

सारनाथ पुलिस को जब विभा के जबलपुर में होने की जानकारी मिली तो स्थानीय पुलिस के सहयोग से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी महिला के खिलाफ दर्ज मामलों की आगे की जांच की जा रही है। साथ ही, उसकी गिरफ्तारी से एसिड अटैक प्रकरण में न्यायिक प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

सारनाथ थानाध्यक्ष पंकज त्रिपाठी ने बताया कि विभा को ढूंढ़ने के दौरान एक व्यक्ति ने बताया कि विभा 2013 में पांडेयपुर में एक बैंक के कैशियर उमाकांत श्रीवास्तव के साथ घूमती थी। पांडेयपुर में पता चला उमाकांत ने वह घर बेच दिया था। पड़ोसियों से मिले नंबर पर पुलिस ने उमाकांत के बेटे से संपर्क कर पिता का नंबर पूछा। उसपर संपर्क करने पर पता चला कि उमाकांत का निधन बीते साल मार्च में हो गया था। उसका नंबर विभा प्रयोग कर रही थी। वह अपने बेटे सावन के साथ जबलपुर के भेड़ा घाट में रह रही थी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page