वाराणसी
लिंक क्लिक करते ही मोबाइल हुआ हैक, मैनेजर के खाते से 98 हजार पार
वाराणसी। जनपद के फूलपुर थाना क्षेत्र के करिखियाव स्थित एग्रो पार्क में कार्यरत एक कंपनी मैनेजर साइबर ठगी का शिकार हो गए। साइबर ठगों ने एजुकेशन ऐप बंद कराने का झांसा देकर उनका मोबाइल हैक कर लिया और खाते से दो बार में 98 हजार रुपये निकाल लिए।
सोरिख, करौंदा निवासी धीरज कुमार त्रिपाठी करिखियाव एग्रो पार्क स्थित प्राइम एग्रियन मुर्गी दाना कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। उनके मोबाइल से एक एजुकेशन ऐप के जरिए हर महीने 200 रुपये कट रहे थे। बीती शाम उन्होंने ऐप हटाने के लिए इंटरनेट पर मिले हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क किया।
फोन रिसीव करने वाले व्यक्ति ने खुद को कस्टमर केयर कर्मचारी बताया और व्हाट्सएप पर एक लिंक भेजा। उसने धीरज कुमार त्रिपाठी से लिंक खोलकर जरूरी जानकारी भरने को कहा। लिंक पर क्लिक करते ही उनका मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद साइबर ठगों ने उनके बैंक खाते से दो बार में 50 हजार और 48 हजार रुपये, कुल 98 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए।
ठगी की जानकारी होने पर पीड़ित ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। गुरुवार को उन्होंने फूलपुर थाने में भी तहरीर दी।
इस मामले में साइबर सेल के उपनिरीक्षक सुनील कुमार यादव ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो गई है। प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
