वाराणसी
संदिग्ध स्थिति में मिला पेंटर का शव, जांच में जुटी पुलिस
वाराणसी। जिले के बड़ागांव थाना क्षेत्र के इरहां गांव सभा में गुरुवार सुबह एक युवक का शव वन विभाग के क्षेत्र में शीशम के पेड़ के नीचे मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान इरहां निवासी राजकुमार पुत्र महेंद्र के रूप में हुई है। वह पेशे से पेंटर था।
ग्रामीणों ने सुबह कुड़ी नाले के पास वन विभाग की जमीन पर राजकुमार का शव देखा। उसके गले में गमछे का फंदा लगा हुआ था। घटना की जानकारी तत्काल डायल 112 और बड़ागांव थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही हल्का प्रभारी कौशलेंद्र दूबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य जुटाए। ग्राम प्रधान चंद यादव की मौजूदगी में पंचनामा की कार्रवाई पूरी की गई।
तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था राजकुमार
मिली जानकारी के मुताबिक, राजकुमार अविवाहित था और तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। शुरुआती जानकारी में घरेलू विवाद के बाद आत्मघाती कदम उठाने की बात सामने आ रही है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
वहीं, थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि“मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल आत्महत्या और अन्य संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच जारी है।”
