वाराणसी
चंद्रनाथ रथ हत्या मामले में सीबीआई ने वाराणसी से कोयला कारोबारी को दबोचा
वाराणसी। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में सीबीआई (CBI) ने वाराणसी से कोयला कारोबारी विनय राय को गिरफ्तार किया है। पूर्वांचल में डेरा डाले सीबीआई ने गाजीपुर के देवरिया ग्राम निवासी विनय राय को गत दोपहर वाराणसी कमिश्नरेट की पुलिस लाइन के पास से पकड़ा।
आपराधिक पृष्ठभूमि वाले कोयला कारोबारी विनय राय पर हत्या में शामिल शूटरों को धनबाद में संसाधन उपलब्ध कराने का आरोप है। सीबीआई ने उसे मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मनीष कुमार की अदालत में पेश किया। अदालत ने 21 मई की शाम तक कोलकाता की अदालत में पेश करने का आदेश देते हुए उसे साथ ले जाने की अनुमति दे दी।
सीबीआई और बंगाल एसटीएफ की एक टीम विनय के एक गुर्गे गाजीपुर के मतसा गांव निवासी संजय राय की तलाश में घेराबंदी कर रही है। चंद्रनाथ रथ की छह मई की देर शाम कोलकाता में बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
सनसनीखेज हत्याकांड के बाद बंगाल एसटीएफ ने बलिया के राज सिंह को अयोध्या से, जबकि विक्की मौर्या और मयंक मिश्रा को बक्सर से गिरफ्तार किया था। मामले की जांच सीबीआई को सौंपे जाने के बाद गिरफ्तार तीनों आरोपितों से पूछताछ में रसड़ा (बलिया) के रतोपुर गांव निवासी राजकुमार सिंह का नाम शूटर के रूप में सामने आया। इसके बाद सीबीआई और मुजफ्फरपुर पुलिस ने सोमवार को उसे गिरफ्तार कर लिया।
वहीं, सीबीआई की एक टीम ने वाराणसी में विनय राय की गिरफ्तारी के बाद कैंट पुलिस के माध्यम से उसका मेडिकल परीक्षण कराया और फिर अदालत में पेश कर अपने साथ ले गई। हाईप्रोफाइल हत्याकांड में संसाधन उपलब्ध कराने के आरोप में गिरफ्तार विनय के खिलाफ पहले से हत्या, हत्या के प्रयास और गैंग्स्टर एक्ट सहित कई मुकदमे दर्ज हैं।
अदालत में पेशी के दौरान विनय मीडिया कर्मियों को घूरते हुए उन्हें दहशत में लेने की कोशिश करता नजर आया। सूत्रों के अनुसार अब तक की गिरफ्तारी और पूछताछ में एक अन्य शूटर मुनमुन का नाम भी सामने आया है। माना जा रहा है कि उसकी गिरफ्तारी के बाद हत्याकांड की साजिश रचने वाले चेहरे से पर्दा उठ सकता है।
चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में गिरफ्तार बलिया के आनंद नगर निवासी राज सिंह की गिरफ्तारी को लेकर भी जांच एजेंसियां लगातार मंथन कर रही हैं। राज सिंह के बाद बलिया के ही राजकुमार सिंह की शूटर के रूप में गिरफ्तारी के बाद जांच और तेज हो गई है। एजेंसियां हत्याकांड का सटीक खुलासा करने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं।
सीबीआई पहले ही राज सिंह के स्वजन से लंबी पूछताछ कर चुकी है। पूछताछ के दौरान स्वजन ने उसकी बेगुनाही के समर्थन में कई प्रमाण भी पेश किए हैं। सूत्रों के मुताबिक राज सिंह की गिरफ्तारी फोटो पहचान के आधार पर हुई थी।
