गाजीपुर
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर ट्रेलर ने पिकअप में मारी टक्कर, चालक गंभीर
कासिमाबाद (गाजीपुर) जयदेश। जिले के कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र स्थित पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बृहस्पतिवार की सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। धरवार कला ओवरब्रिज के समीप नाशपाती से लदी पिकअप में पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रेलर पिकअप को लगभग 50 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर यूपीडा की रेस्क्यू टीम और पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। घायल चालक को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कासिमाबाद पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
कासिमाबाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राज नारायण ने बताया कि पिकअप चालक बाराबंकी से नाशपाती लादकर बक्सर (बिहार) जा रहा था। धरवार कला ओवरब्रिज के पास चालक बदलने के लिए वाहन सड़क किनारे खड़ा किया गया था। इसी दौरान पीछे से आ रहे अनियंत्रित ट्रेलर ने पिकअप को टक्कर मार दी।
घायल चालक की पहचान भावरकोल थाना क्षेत्र निवासी गुलशन पासवान के रूप में हुई है। वहीं सहचालक गुड्डू सिंह पुत्र श्याम बिहारी सिंह निवासी जगदीशपुर थाना भावरकोल हादसे से पहले वाहन से नीचे उतर गया था, जिससे उसकी जान बच गई। दुर्घटना में पिकअप का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि एक्सप्रेसवे का साइड डिवाइडर भी टूट गया। पुलिस फरार ट्रेलर चालक की तलाश में जुटी है और मामले की जांच कर रही है।
