गाजीपुर
फर्जी तरीके से संचालित अस्पताल सीज, मरीज को भेजा गया देवकली स्वास्थ्य केंद्र
बरहपुर स्थित शिव हॉस्पिटल का संचालक ताला बन्द कर फरार
नंदगंज (गाजीपुर) जयदेश। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के सख्त निर्देश पर गुरुवार को सैदपुर उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया, एडिशनल सीएमओ डॉ. रामकुमार और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने नंदगंज क्षेत्र के रामपुर बन्तरा हाईवे पर फर्जी ढंग से संचालित आयुष्मान नामक हॉस्पिटल को सील कर दिया गया।
कार्रवाई के दौरान उस हॉस्पिटल में कोई डॉक्टर या कर्मचारी मौजूद नहीं मिला। जबकि एक मरीज भर्ती अवस्था में पाया गया। एडिशनल सीएमओ डॉ. रामकुमार ने बताया कि बीते 29 अगस्त 2025 को भी इस हॉस्पिटल के खिलाफ नंदगंज थाना में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद यहां मरीजों का इलाज जारी था।

शिकायत मिलने पर गुरुवार को प्रशासनिक टीम ने उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया के नेतृत्व में मौके पर पहुंचकर अस्पताल को सील कर दिया गया। उस हॉस्पिटल में जांच के दौरान छपरा सादात गांव निवासी रुची राजभर नामक महिला मरीज अस्पताल में भर्ती मिली। बताया गया कि वह पेट दर्द से पीड़ित थी और तीन दिनों से अस्पताल में भर्ती थी। जांच टीम ने तत्काल एम्बुलेंस की सहायता से उसे देवकली स्वास्थ्य केंद्र भेजकर भर्ती कराया।

बरहपुर स्थित शिव हास्पिटल पर पहुंची जांच टीम
इसके बाद प्रशासनिक टीम बरहपुर स्थित शिव हॉस्पिटल पहुंची। लेकिन वहां पर हॉस्पिटल में ताला बंद मिला और संचालक मौके से फरार हो गया था। जांच टीम के अनुसार उसको शायद जांच टीम आने की जानकारी मिल जाने पर वह अस्पताल में ताला बन्द कर सभी लोग फरार हो गये।
मानवीय आधार पर ऊपरी मंजिल पर शायद उसका या किसी का परिवार हो, इसलिए हॉस्पिटल को सील नहीं किया गया। वैसे जांच टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी के मंशा के अनुसार क्षेत्र में बिना रजिस्ट्रेशन के फर्जी ढंग से किसी अस्पताल को संचालित नहीं होने दिया जायेगा। क्षेत्र में जांच होने से अवैध ढंग से संचालित अस्पतालों में हड़कंप मचा हुआ है।
