Connect with us

गाजीपुर

राजनीतिक अधिकारों के लिए संघर्ष का समय आ गया : बबन रावत

Published

on

Loading...
Loading...

मुहम्मदाबाद (गाजीपुर) जयदेश। जनपद के युसूफपुर शेख टोला में महादलित परिसंघ के तत्वाधान में जन जागरण अभियान के अंतर्गत एक भव्य सामाजिक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी श्रीधारीक्षण रावत ने की, जबकि सफल संचालन सामाजिक कार्यकर्ता राज कपूर रावत ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोगों, युवाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर अपने अधिकारों और समाज के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता महादलित परिसंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष बबन रावत ने समाज के ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि समाज केवल सामाजिक न्याय की बात न करे, बल्कि अपने राजनीतिक अधिकारों के लिए भी संगठित होकर आंदोलन करे। उन्होंने कहा कि जब तक समाज राजनीतिक रूप से मजबूत नहीं होगा, तब तक वास्तविक विकास संभव नहीं है।

उन्होंने कहा कि आज भी नगर निकायों एवं नगर निधियों में सफाई कार्य के नाम पर ठेका प्रथा लागू है, जिसके कारण सफाई कर्मचारियों का आर्थिक और सामाजिक शोषण हो रहा है। ठेका व्यवस्था ने मेहनतकश समाज को असुरक्षा, कम मजदूरी और अधिकारों से वंचित कर दिया है। बबन रावत ने कहा कि महादलित परिसंघ पूरे देश में इस व्यवस्था के खिलाफ जन जागरण अभियान चला रहा है और बिहार की धरती से शुरू हुआ यह आंदोलन अब उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों तक पहुंच रहा है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि समाज को शिक्षा, संगठन और संघर्ष के रास्ते पर आगे बढ़ना होगा। यदि समाज एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाएगा, तभी सरकारों को हमारी समस्याओं पर गंभीरता से विचार करना पड़ेगा। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे सामाजिक चेतना फैलाने के साथ-साथ राजनीतिक भागीदारी भी सुनिश्चित करें, ताकि आने वाली पीढ़ियों को सम्मान और अधिकार मिल सके।

कार्यक्रम में अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखते हुए समाज में व्याप्त समस्याओं, शिक्षा के महत्व तथा सामाजिक एकता पर बल दिया। वक्ताओं में रामनाथ रावत, अच्छेलाल रावत, प्रकाश रावत, राजेश रमैया वाल्मीकि एवं प्रभात रावत प्रमुख रूप से शामिल रहे।

Advertisement

अंत में कार्यक्रम के व्यवस्थापक एवं महादलित परिसंघ युवा प्रकोष्ठ उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष चंदन रावत ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी आगंतुकों, अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज में जागरूकता फैलाने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम आगे भी लगातार आयोजित किए।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page