Connect with us

वायरल

सहायक जेलर ने पूर्व कैदी से रचाई शादी, बजरंग दल ने किया कन्यादान

Published

on

Loading...
Loading...

परिवार के विरोध के बीच वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ विवाह

सतना। मध्य प्रदेश के सतना जेल में तैनात एक सहायक जेलर को वारंट काटते-काटते उम्रकैद की सजा भुगत रहे कैदी से प्यार हो गया। यह प्यार इतना गहरा हो गया कि सहायक जेलर फिरोजा खातून ने अपने प्रेमी कैदी को पाने के लिए हर बाधा पार कर दी। परिवार के विरोध के बावजूद उन्होंने पूर्व कैदी धर्मेंद्र सिंह से हिंदू रीति-रिवाज से विवाह कर लिया। बजरंग दल के लोगों ने फिरोजा खातून का कन्यादान किया।

उम्रकैद की सजा काट रहे धर्मेंद्र सिंह से जेल में हुई मुलाकात

दरअसल, केंद्रीय जेल सतना में सहायक जेल अधीक्षक के पद पर तैनात मुस्लिम महिला अधिकारी फिरोजा खातून की मुलाकात ड्यूटी के दौरान धर्मेंद्र से हुई थी। जेल में महिला अधिकारी वारंट इंचार्ज थीं, जबकि सजा काट रहा युवक वारंट का काम करता था। यहीं दोनों के बीच पहले दोस्ती हुई और फिर यह रिश्ता प्यार में बदल गया। दोनों ने परिवार और समाज की परवाह किए बिना हिंदू रीति-रिवाज से शादी करने का निर्णय लिया। विवाह पूरी तरह वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ।

धर्म की वजह से परिवार में था विरोध

Advertisement

धर्मेंद्र सिंह मूल रूप से छतरपुर जिले के रहने वाले हैं। वर्ष 2007 में वह हत्या के एक मामले में जेल गए थे। चार साल पहले सजा पूरी होने के बाद उनकी रिहाई हो गई थी। इसके बाद भी सहायक जेलर फिरोजा खातून से उनका रिश्ता कायम रहा। फिरोजा के परिवार वाले धर्म की वजह से इस शादी के लिए तैयार नहीं थे। धर्मेंद्र सिंह हिंदू हैं, जबकि फिरोजा खातून मुस्लिम हैं। ऐसे में यह रिश्ता आसान नहीं था।

दोनों ने किया शादी करने का फैसला

फिरोजा ने अपने परिवार के विरोध के बावजूद धर्मेंद्र सिंह से शादी करने का फैसला किया। धर्मेंद्र के परिवार की मौजूदगी में पांच मई को छतरपुर जिले के लवकुशनगर में दोनों का विवाह हुआ। यह शादी पूरी तरह हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुई। दुल्हन बनीं फिरोजा खातून बेहद खूबसूरत नजर आईं। शादी के बाद अब तस्वीरें सामने आई हैं और इसकी चर्चा हो रही है।

बजरंग दल के लोगों ने किया कन्यादान

हिंदू रीति-रिवाज से होने वाली शादी में कन्यादान की रस्म सबसे अहम मानी जाती है। यह रस्म आमतौर पर दुल्हन के पिता निभाते हैं। फिरोजा खातून के परिवार से कोई मौजूद नहीं था। ऐसे में यह रस्म सतना में विश्व हिंदू परिषद के जिला उपाध्यक्ष राजबहादुर मिश्रा ने अपनी पत्नी के साथ निभाई। इस दौरान वहां बड़ी संख्या में बजरंग दल से जुड़े लोग भी मौजूद रहे। वहीं, शादी की खबर सामने आते ही केंद्रीय जेल सतना में यह मामला चर्चा का विषय बन गया। कैदी से लेकर अधिकारी तक सभी ने इस जोड़े को बधाई दी।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page