वाराणसी
शादी का झांसा देकर शोषण और गर्भपात, आरोपी सिपाही गिरफ्तार
वाराणसी। शादी का प्रलोभन देकर शारीरिक संबंध बनाने और गर्भपात कराने के आरोप में एक सिपाही को सारनाथ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी के अनुसार, 3 मई को एक युवती ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि चंद्रगढ़, थाना ड्रमंडगंज, जिला मिर्जापुर निवासी प्रशांत राय (29) ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। युवती का कहना है कि जब उसने विवाह की बात की, तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और गर्भपात करा दिया। इस आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस के मुताबिक, प्रशांत राय गाजीपुर रिजर्व पुलिस लाइन में सिपाही के पद पर तैनात है। संभावित ठिकानों पर दबिश के बावजूद उसका पता नहीं चल सका। बाद में पुलिस ने मोबाइल के जरिए संपर्क कर उसे सारनाथ थाने बुलाया, जहां वह अपने भाई कमल नारायण राय के साथ पहुंचा। पूछताछ के दौरान उसकी संलिप्तता सामने आने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, आरोपी पर एक युवती ने यह भी आरोप लगाया है कि उसने चार वर्षों तक शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण किया और दो बार गर्भपात कराया। बताया गया है कि वह सारनाथ क्षेत्र में किराए के कमरे में युवती के साथ रह रहा था, जबकि 25 अप्रैल को उसने प्रयागराज में दूसरी जगह विवाह कर लिया।
इस प्रकरण के सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हलचल है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। यह घटना महिलाओं की सुरक्षा और उनके अधिकारों को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।
