Connect with us

पूर्वांचल

करंट की चपेट में आकर युवक की मौत, बिजली विभाग की लापरवाही पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा

Published

on

Loading...
Loading...

संतकबीरनगर। जिले के धनघटा क्षेत्र अंतर्गत प्रजापतिपुर गांव में करंट लगने से एक युवक की मौत के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। नाराज लोगों ने पुल के पास सड़क पर शव रखकर चक्का जाम कर दिया, जिससे आवागमन बाधित हो गया। सूचना मिलने पर धनघटा और महुली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद जाम समाप्त कराकर यातायात बहाल कराया।

मृतक की पहचान प्रजापतिपुर निवासी विक्रम (30) पुत्र राजकुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि शनिवार सुबह वह शौच के लिए नदी किनारे गया था, जहां पहले से गिरे बिजली के तार की चपेट में आकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

ग्रामीणों का कहना है कि चार दिन पहले बुधवार को आए चक्रवाती तूफान के दौरान मुखलिसपुर विद्युत उपकेंद्र से करीब 100 मीटर दूर, नदी किनारे स्थित मंदिर के पास एक पोल से तार टूटकर गिर गया था। इसकी सूचना विभागीय कर्मचारियों को दी गई थी, लेकिन मरम्मत नहीं कराई गई और विद्युत आपूर्ति लगातार चालू रही। आरोप है कि टूटे तार में करंट प्रवाहित होता रहा, जिससे यह हादसा हुआ।

घटना के बाद परिजन और ग्रामीण विद्युत विभाग के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर आक्रोशित हो गए। उनका कहना है कि विभागीय लापरवाही के कारण एक युवक की जान चली गई। वहीं, घटना के बाद मुखलिसपुर उपकेंद्र पर तैनात अवर अभियंता सत्य प्रकाश समेत अन्य कर्मचारी उपकेंद्र बंद कर चले गए, जिससे पूरे दिन क्षेत्र के उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।

उधर, अवर अभियंता सत्य प्रकाश ने कहा कि उन्हें तार टूटने की कोई सूचना नहीं मिली थी। यदि जानकारी मिलती तो तत्काल मरम्मत कराई जाती। उन्होंने यह भी बताया कि क्षेत्र में क्षतिग्रस्त तारों और पोलों की मरम्मत का कार्य जारी है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page