पूर्वांचल
विदेश भेजने के नाम पर ठगी, छह जालसाजों पर केस दर्ज
कुशीनगर। विदेश भेजने के नाम पर दो युवकों को फर्जी वीजा देने के मामले में चौराखास पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। कार्रवाई के बाद जालसाज कार्यालय बंद कर फरार हो गए हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है तथा उनके पते का सत्यापन कराया जा रहा है।
चौराखास थाना क्षेत्र के नारायणपुर कोठी गांव निवासी जुगनू प्रजापति और कटेया थाना क्षेत्र के डुमरौना गांव निवासी वशिष्ठ गुप्ता ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि चौराखास थाना क्षेत्र के बनकटा बाजार में रिया इंटरनेशनल टूर एंड ट्रैवल्स के नाम से मोमिन शेख उर्फ मैनुद्दीन अपने पांच सहयोगियों के साथ विदेश में नौकरी दिलाने का प्रचार कराता था। जनवरी 2026 में वाहन के माध्यम से इसका प्रचार कराया गया कि तुर्की और रसिया में नौकरी पाने के इच्छुक युवक संपर्क कर सकते हैं। बताए गए अनुसार हम तीनों लोग बनकटा स्थित उनके कार्यालय पहुंचे।
उन्होंने हम लोगों का पासपोर्ट और आधार कार्ड ले लिया तथा कहा कि पासपोर्ट लगने के बाद सूचना दी जाएगी। एक माह बाद जालसाजों ने फोन कर बताया कि आप तीनों का बीजा मिल गया है। इसके बाद एक लाख रुपये लेकर कार्यालय पहुंचने को कहा गया। रुपये लेने के बाद जालसाजों ने मेडिकल कराया और फर्जी बीजा देकर एक मोबाइल नंबर नोट कराया। कहा कि आप लोग मुंबई पहुंचिए, दिए गए नंबर पर कॉल करने पर एक व्यक्ति मिलेगा, जो हवाई जहाज का टिकट देगा।
मुंबई पहुंचने पर जब युवकों ने उस नंबर पर कॉल किया तो मोबाइल बंद था। इसके बाद मोमिन शेख से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उसका मोबाइल भी बंद मिला। दो दिनों तक मुंबई की सड़कों पर भटकने के बाद दोनों युवक बनकटा बाजार स्थित जालसाज के कार्यालय पहुंचे तो वहां कार्यालय बंद मिला।
थानाध्यक्ष दिनेश कुमार साहनी ने बताया कि जालसाज मोमिन शेख उर्फ मैनुद्दीन अंसारी, विकास यादव उर्फ विवेक, पतरू यादव, तारीक अंसारी, अजहरूद्दीन अंसारी और वसीम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों का पता लगाया जा रहा है।
