मनोरंजन
‘ऊंचाई’ के बाद फिर दिखेंगी सारिका, कंकना चक्रवर्ती संग करेंगी वापसी
नई दिल्ली। हिंदी सिनेमा की चर्चित और अनुभवी अभिनेत्री सारिका ठाकुर ने तीन साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी का एलान कर दिया है। 80 के दशक में अपनी दमदार अदाकारी और अलग पहचान बनाने वाली सारिका आखिरी बार निर्देशक सूरज बड़जात्या की फिल्म ‘ऊंचाई’ में नजर आई थीं, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया था।
अब सारिका अपनी नई फिल्म ‘द फैमिली आई चोज’ के जरिए एक बार फिर दर्शकों के सामने आने वाली हैं। इस फिल्म का निर्देशन कंकना चक्रवर्ती कर रही हैं। अभिनेत्री ने बताया कि ‘ऊंचाई’ के बाद उन्हें फिल्मों की कमी नहीं थी, लेकिन वह ऐसी कहानी की तलाश में थीं जो उनके दिल के करीब हो और जिसका विषय वर्तमान समय से जुड़ा हो।
मिड-डे से बातचीत में सारिका ने कहा कि इस फिल्म का विषय आज के समय, खासकर बड़े शहरों की जिंदगी से पूरी तरह मेल खाता है। यह फिल्म लोगों को अपने आसपास देखने, छोटी-छोटी बातों को समझने और रिश्तों की संवेदनशीलता को महसूस करने का अवसर देती है।उन्होंने कहा कि ‘द फैमिली आई Chose’ केवल एक फिल्म का नाम नहीं, बल्कि हमारे समय की एक सच्चाई है, जिसे रचनात्मक ढंग से समझने की जरूरत है।
ऐसे परिवारों में संवेदनशीलता, एक-दूसरे का साथ, हमदर्दी और खूबसूरती होती है। सारिका ने यह भी कहा कि उन्हें कंकना चक्रवर्ती द्वारा लिखी गई यह कहानी बेहद पसंद आई।सारिका अपनी फिल्मों के साथ-साथ निजी जीवन को लेकर भी लंबे समय तक चर्चा में रही हैं।
अभिनेता कमल हासन के साथ उनकी शादी और बाद में तलाक ने भी काफी सुर्खियां बटोरी थीं। वर्ष 1988 में दोनों ने शादी की थी, जबकि 2004 में उनका तलाक हो गया। उनकी दो बेटियां श्रुति हासन और अक्षरा हासन हैं, जो फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय हैं।
