वाराणसी
बनारस–पुणे अमृत भारत एक्सप्रेस को 28 अप्रैल को हरी झंडी दिखाएंगे प्रधानमंत्री
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 28 अप्रैल को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे के दौरान बनारस–पुणे अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। इस नई सेवा के शुरू होने के साथ ही बीते एक वर्ष में वाराणसी को मिलने वाली ट्रेनों की संख्या छह हो जाएगी। बनारस से पुणे के बीच लंबे समय से नई ट्रेन की मांग की जा रही थी, जबकि वर्तमान में वहां के लिए सप्ताह में एक ट्रेन (22132) ही संचालित होती है, जो बुधवार तड़के रवाना होती है। नई ट्रेन से यात्रियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री के उद्घाटन से पूर्व मंगलवार को 14 कोचों वाली इस ट्रेन की रैक वाराणसी पहुंची, जहां अधिकारियों की निगरानी में इसका ट्रायल रन किया गया और सुरक्षा व तकनीकी पहलुओं की जांच की गई। यह ट्रेन वाराणसी और पुणे के बीच नियमित रूप से चलेगी। अमृत भारत एक्सप्रेस भारतीय रेल की नई श्रेणी की नॉन-एसी ट्रेन है, जिसे सामान्य यात्रियों को किफायती दरों पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।

ट्रेन में आरामदायक बैठने की व्यवस्था, बेहतर वेंटिलेशन, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था और मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट जैसी सुविधाएं दी गई हैं। इसके साथ ही आगे और पीछे दोनों ओर इंजन लगाए गए हैं, जिससे शंटिंग में समय की बचत होती है और ट्रेन तेजी से गति पकड़ती है।
पिछले एक वर्ष के दौरान वाराणसी को महानगरी, बुद्ध पूर्णिमा, गांधी धाम, वंदे भारत (खजुराहो) और बनारस–सियालदह अमृत भारत एक्सप्रेस के बाद अब बनारस–पुणे अमृत भारत एक्सप्रेस का तोहफा मिला है।
