वायरल
दावत खाने के बाद युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
कुशीनगर। बरवापट्टी क्षेत्र के गौरी शुक्ल के टोला बिन टोलिया में शुक्रवार रात एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
गांव निवासी 25 वर्षीय जाकिर पुत्र अलीहुसेन रात करीब नौ बजे अपने एक मित्र के घर दावत में शामिल होने गया था। भोजन करने के बाद जब वह घर लौटने के लिए निकला, तभी मित्र के दरवाजे पर अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। घटना की सूचना तत्काल उसके स्वजन को दी गई।
परिजन मौके पर पहुंचे और युवक को उसके मित्र ओम सिंह पुत्र महेश्वर सिंह के साथ तत्काल जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। परिस्थितियां संदिग्ध होने के कारण चिकित्सकों ने शव पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
मृतक के चाचा ने पुलिस को तहरीर देकर हत्या की आशंका जताई है और निष्पक्ष जांच की मांग की है। इस संबंध में थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है और आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।
