Connect with us

भदोही

बीच सड़क पर खड़े कंटेनर से ट्रेलर टकराया, चालक घायल

Published

on

Loading...
Loading...

एक घंटे तक लगा जाम

गोपीगंज। राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित गिराई झीलिया पुल ओवरब्रिज पर मंगलवार को बीच सड़क पर लापरवाही से खड़े कंटेनर के कारण बड़ा हादसा हो गया। गुजरात से पश्चिम बंगाल जा रहा एक ट्रेलर पीछे से कंटेनर से टकरा गया। दुर्घटना में ट्रेलर चालक घायल हो गया, जबकि ओवरब्रिज पर करीब एक घंटे तक लंबा जाम लगा रहा। संयोगवश इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, गुजरात से पश्चिम बंगाल की ओर जा रहा ट्रेलर जैसे ही गिराई झीलिया पुल ओवरब्रिज पर पहुंचा, बीच सड़क पर खड़े कंटेनर से पीछे से जा भिड़ा। हादसे में ट्रेलर चालक विक्रम सिंह (28) पुत्र शिंद्रपाल, निवासी मोगा (पंजाब) घायल हो गए। सूचना मिलने पर एनएचएआई की एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल चालक को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोपीगंज भेजा गया।

घायल चालक विक्रम सिंह ने बताया कि ओवरब्रिज पर दोनों दिशाओं से वाहनों का लगातार आवागमन हो रहा था। इसी दौरान बीच सड़क पर खड़ा कंटेनर अचानक सामने आ गया। उन्होंने वाहन को बचाने का प्रयास किया, लेकिन दूरी कम होने के कारण ट्रेलर सीधे कंटेनर के पीछे जा टकराया।

दुर्घटना के बाद ओवरब्रिज के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और लगभग एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। ट्रेलर पर भारी सामान लदा होने के कारण उसे हटाने में काफी परेशानी हुई। पहले पहुंची क्रेन ट्रेलर को हटाने में असफल रही। बाद में दूसरी क्रेन बुलाकर घंटों की मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त ट्रेलर को हटाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।

Advertisement

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कंटेनर चालक वाहन को बीच सड़क पर खड़ा छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर इस तरह लापरवाही से वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि ऐसी लापरवाही कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page