भदोही
ससजपा ने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम को दी श्रद्धांजलि
आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प
गोपीगंज। भारत रत्न, ‘मिसाइल मैन’ और देश के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि पर सोमवार सायंकाल सर्व समाज जनहित पार्टी (ससजपा) की ओर से नारायणी कटरा स्थित कैंप कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने डॉ. कलाम के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
सभा को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष विभूति नारायण सिंह ने कहा कि डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम केवल एक महान वैज्ञानिक ही नहीं, बल्कि देश के करोड़ों युवाओं के प्रेरणास्रोत भी थे। उन्होंने अपने ज्ञान, सादगी, कर्मनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति के बल पर भारत को नई पहचान दिलाई। उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, शिक्षा और वैज्ञानिक सोच को समर्पित रहा।
उन्होंने कहा कि डॉ. कलाम ने विकसित भारत का जो सपना देखा था, उसे साकार करना हम सभी की जिम्मेदारी है। युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेते हुए शिक्षा, अनुशासन और मेहनत के मार्ग पर चलना चाहिए। यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत पूर्व राष्ट्रपति को नमन किया और समाज तथा राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर सिंटू शुक्ला, कैसर खान, प्रमोद विश्वकर्मा, रमेश पाल, रामबाबू, मुखराम मिश्रा सहित सर्व समाज जनहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण में डॉ. कलाम के योगदान को स्मरण करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुआ।
