Connect with us

वाराणसी

Varanasi Airport : संशोधित उड़ान योजना को मंजूरी, क्षेत्रीय हवाई कनेक्टिविटी को मिलेगा विस्तार

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। क्षेत्रीय हवाई कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने की दिशा में केंद्र सरकार द्वारा संशोधित उड़ान योजना को मंजूरी दिए जाने के बाद हवाई सेवाओं के विस्तार की संभावनाएं बढ़ गई हैं। इस योजना के माध्यम से छोटे शहरों और दूरस्थ क्षेत्रों को हवाई नेटवर्क से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।

एयरपोर्ट डायरेक्टर पुनीत गुप्ता ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि यह पहल देश के एविएशन सेक्टर के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे हवाई यात्रा अधिक सुलभ, किफायती और समावेशी बनेगी। उन्होंने कहा कि यह योजना भारत के एविएशन इतिहास में मील का पत्थर साबित हो सकती है।

योजना के तहत देशभर में 100 नए एयरपोर्ट विकसित किए जाएंगे, वहीं पहाड़ी राज्यों और उत्तर-पूर्वी जिलों में 200 हेलिपोर्ट स्थापित किए जाने का प्रावधान है। इससे दुर्गम क्षेत्रों तक पहुंच आसान हो सकेगी और क्षेत्रीय संतुलित विकास को बल मिलेगा।

पुनीत गुप्ता ने बताया कि इस योजना में चैलेंज मोड अपनाया गया है, जिसके तहत राज्य और केंद्र शासित प्रदेश अपनी आवश्यकताओं के अनुरूप एयरपोर्ट प्रस्तावित कर सकेंगे। इससे इंफ्रास्ट्रक्चर विकास में तेजी आने की संभावना है।

नए एयरोड्रोम के सुचारू संचालन के लिए तीन वर्षों तक संचालन एवं रखरखाव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही राज्यों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष ढांचा तैयार किया गया है। योजना के लागू होने से टियर-2 और टियर-3 शहरों के यात्रियों को विशेष रूप से सस्ती हवाई यात्रा का लाभ मिलने की उम्मीद जताई गई है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page