वाराणसी
शादी का झांसा देकर युवती के शारीरिक शोषण और धर्मांतरण के दबाव का आरोप
चार साल तक साथ रखने, कमाई लेने, गर्भपात कराने और मारपीट के आरोप; पीड़िता की तहरीर पर मिर्जामुराद पुलिस जांच में जुटी
मिर्जामुराद (वाराणसी)। एक युवती ने शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और बाद में धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का गंभीर आरोप लगाया है। भदोही में अस्थायी रूप से रह रही पीड़िता ने मिर्जामुराद थाने पहुंचकर आरोपी युवक और उसके परिजनों के खिलाफ लिखित शिकायत दी है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उस पर धर्मांतरण का दबाव बनाया गया, विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
आर्केस्ट्रा कंपनी में हुई थी युवक से मुलाकात
पीड़िता मूल रूप से छत्तीसगढ़ के एक गांव की रहने वाली बताई जा रही है और शादी-विवाह के कार्यक्रमों में डांस का काम करती है। उसके अनुसार, काम के सिलसिले में वह सोनी आर्केस्ट्रा कंपनी के संपर्क में आई थी, जिसका संचालन मिर्जामुराद क्षेत्र के छतेरी मानापुर निवासी समशेर अली द्वारा किए जाने का आरोप है। इसी दौरान उसकी मुलाकात समशेर के छोटे भाई गुलजार अहमद से हुई।
पीड़िता का आरोप है कि गुलजार ने उससे भविष्य में शादी करने का वादा किया और उसे अपने साथ रखा। युवती के अनुसार, दोनों करीब चार वर्षों तक पति-पत्नी की तरह साथ रहे।
कमाई लेने और जबरन गर्भपात कराने का आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया कि आर्केस्ट्रा में काम कर उसने जो भी कमाई की, वह आरोपी युवक ले लेता था। उसने यह भी आरोप लगाया कि इस दौरान वह दो बार गर्भवती हुई, लेकिन आरोपी ने जबरन उसका गर्भपात करा दिया। पीड़िता के अनुसार, आरोपी शराब के नशे में उसके साथ अक्सर मारपीट भी करता था।
शादी की बात पर टालमटोल करने लगा आरोपी
पीड़िता का कहना है कि जब उसने आरोपी पर शादी करने के लिए दबाव बनाया तो वह लगातार टालमटोल करने लगा। इसके बाद उसे रिश्ते को लेकर शंका हुई और वह आरोपी के घर पहुंची। पीड़िता के आरोप के अनुसार, वहां आरोपी के भाई समशेर अली, उसकी पत्नी और अन्य परिजनों ने शादी के लिए पहले धर्म परिवर्तन करने की शर्त रखी।
विरोध पर मारपीट कर घर से निकालने का आरोप
युवती का आरोप है कि जब उसने धर्म परिवर्तन करने से इनकार किया तो आरोपी के परिजनों ने उसके साथ अभद्रता और मारपीट की तथा उसे घर से बाहर निकाल दिया। पीड़िता ने खुद को जान-माल का खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा की भी गुहार लगाई है।
थाने में दी तहरीर, पुलिस कर रही जांच
पीड़िता ने मिर्जामुराद थाने में लिखित तहरीर देकर आरोपी युवक और उसके परिजनों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उसने अपनी जान-माल की सुरक्षा की भी मांग की है।
इस संबंध में थाना प्रभारी मिर्जामुराद गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है और इसकी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
