Connect with us

गोरखपुर

गोरखपुर को मिले नए एसपी सिटी, पाटिल निमिष दशरथ ने संभाला पदभार

Published

on

Loading...
Loading...

बोले—जनकेंद्रित पुलिसिंग होगी प्राथमिकता

ईद के मद्देनज़र ड्रोन से होगी निगरानी, फरियादियों की शिकायतों का होगा तत्काल निस्तारण

गोरखपुर। जनपद गोरखपुर को नया एसपी सिटी मिल गया है। 2020 बैच के आईपीएस अधिकारी पाटिल निमिष दशरथ ने कार्यालय पहुंचकर विधिवत रूप से एसपी सिटी का पदभार ग्रहण किया। मूल रूप से महाराष्ट्र के सोलापुर निवासी पाटिल इससे पहले गाजियाबाद में डीसीपी ट्रामा सेंटर के पद पर तैनात थे और वहां करीब तीन वर्षों तक ईमानदारी से अपनी सेवाएं दीं।

पदभार ग्रहण करने के बाद एसपी सिटी पाटिल निमिष दशरथ ने कहा कि गोरखपुर में जनकेंद्रित पुलिसिंग (People Centric Policing) को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि आम जनता को पुलिस से बेहतर सहायता मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि फरियादियों की शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया जाएगा, जिससे किसी भी शिकायतकर्ता को बार-बार थाने या कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।

उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल घटना के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि घटना होने से पहले ही अपराध पर लगाम लगाना है। इसके लिए पुलिस टीम को सक्रिय और संवेदनशील तरीके से काम करने के निर्देश दिए जाएंगे।

Advertisement

एसपी सिटी ने बताया कि हर शिकायत की गंभीरता से जांच की जाएगी और यदि कोई अपराधी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त और सत्य कार्रवाई की जाएगी। वहीं उन्होंने यह भी कहा कि कई बार शिकायतें आपसी या जमीनी विवाद से जुड़ी होती हैं, जिनमें प्रशासन और न्यायालय की प्रक्रिया भी अहम होती है। इसलिए ऐसे मामलों में तथ्यों के आधार पर ही कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि “पांचों उंगलियां बराबर नहीं होती हैं”, इसलिए पुलिस हर मामले की निष्पक्ष जांच करेगी। यदि कोई शिकायतकर्ता गलत जानकारी देता है तो उस पर भी उचित कार्रवाई की जाएगी।

आगामी ईद के त्योहार को देखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। एसपी सिटी ने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी और पुलिस की गश्त बढ़ाई जाएगी, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page