गाजीपुर
शिव मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा व विशाल भंडारे का भव्य आयोजन
जमानिया (गाजीपुर) जयदेश। स्थानीय रेलवे स्टेशन स्थित सब्जी मंडी में शनिवार को शिव मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा एवं विशाल भंडारे का भव्य आयोजन किया गया। शाम 5 बजे से शुरू हुए धार्मिक अनुष्ठान को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। आयोजन समिति के अनुसार वैदिक मंत्रोच्चार और विधिवत पूजन-अर्चन के साथ भगवान शिव की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न कराई गई। इस अवसर पर मंदिर परिसर को लाइटों और फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। क्षेत्र के कोने-कोने से श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे।

महाआरती और विशेष पूजन संतोष जायसवाल व उनकी पत्नी विभा देवी ने संपन्न कराया। प्राण प्रतिष्ठा के साथ ही उपस्थित भक्तों के लिए विशाल भंडारे का शुभारंभ किया गया, जो देर रात तक अनवरत चलता रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। यह पुनीत आयोजन ‘न्यू लोहटिया दुर्गा कमेटी’ एवं क्षेत्र के समस्त नागरिकों के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। आयोजकों और स्वयंसेवकों ने भीड़ नियंत्रण व प्रसाद वितरण की व्यवस्था को सुचारू रूप से संभाला।


कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने आयोजन की सराहना की। राकेश जायसवाल ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में भाईचारा और सकारात्मक ऊर्जा बढ़ती है।महेंद्र शर्मा ने व्यवस्था की प्रशंसा करते हुए कहा कि दर्शन, आरती और प्रसाद वितरण सुचारू रहा। बिपिन श्रीवास्तव (पूर्व सभासद) ने कहा कि धार्मिक कार्यक्रम समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं और युवाओं की भागीदारी सराहनीय रही। ममता देवी ने मंदिर की सुंदर सजावट और भंडारे की व्यवस्था की सराहना की।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता,वार्ड नंबर 10 के सभासद सुरेंद्र चौधरी (साहू ), पूर्व चेयरमैन अनिल गुप्ता, संतोष शर्मा, उमाकांत प्रजापति, बिपिन श्रीवास्तव (पूर्व सभासद), ममता देवी, कुंता देवी, पूजा कुमारी, कंचन देवी, खुशी कुमारी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
