Connect with us

गाजीपुर

बाइक की सीधी भिड़ंत में युवक की मौत, तीन गंभीर

Published

on

Loading...
Loading...

बहरियाबाद (गाजीपुर)। बहरियाबाद–गाजीपुर मुख्य मार्ग पर चकफरीद गांव स्थित शिवलोचन सोनकर के घर के सामने दो बाइक के आमने-सामने की जोरदार टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी हाउस, गाजीपुर भिजवा दिया। घायलों में एक को वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है तथा दो अन्य का इलाज गाजीपुर में चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, चकफरीद निवासी बुद्धू सोनकर का नाती मोलू सोनकर (18) बाइक से घर से कुछ ही दूरी पर पहुंचा था कि सामने से आ रही बाइक से उसकी सीधी टक्कर हो गई। सामने वाली बाइक पर चालक समेत तीन युवक सवार थे। हादसे के बाद चारों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर ले जाया गया, जहां बाइक चालक रोहित राजभर (25) को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बाकी तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया। मोलू की हालत नाजुक होने पर उसे परिजन वाराणसी ट्रॉमा सेंटर ले गए।

मृतक रोहित राजभर, भुड़कुड़ा थाना क्षेत्र के अहियाई गांव निवासी रामकृत राजभर का ज्येष्ठ पुत्र था। वह पेशे से बाइक मैकेनिक था। दो भाइयों में बड़ा रोहित की शादी बीते वर्ष 8 मई को हुई थी। घटना के बाद उसकी पत्नी लक्ष्मीना का रो-रोकर बुरा हाल है।

रोहित के साथ बाइक पर सवार घायल युवक दीपक राजभर (22) पुत्र बैजनाथ राजभर तथा अर्जुन राजभर पुत्र श्यामलाल राजभर, दोनों मलिकपुरा के मधुवन गांव के रहने वाले हैं।

थानाध्यक्ष कृष्ण प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों बाइक की तेज रफ्तार भिड़ंत में चार लोग घायल हुए थे, जिनमें रोहित की मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page