राज्य-राजधानी
खाद वितरण में लापरवाही, दो अधिकारी निलंबित
देवरिया। जनपद में रबी अभियान के दौरान खाद वितरण में गंभीर अनियमितताएँ सामने आईं। समीक्षा में पता चला कि पीसीएफ गोदाम में करीब 4000 एमटी खाद का भारी स्टॉक होने के बावजूद समितियों को समय पर खाद उपलब्ध नहीं कराई गई। किसानों से डीपी का पैसा लेने के बाद भी उन्हें एमओपी या एनपीके भेज दिया गया और समितियों पर पहुंची खाद दो दिनों में खत्म हो जाती थी, जिससे किसानों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

बढ़ी मांग के अनुरूप आपूर्ति न होने और वितरण की कमजोर मॉनिटरिंग के चलते स्थिति और खराब हुई। जनप्रतिनिधियों की शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए शासन ने पीसीएफ जिला प्रबंधक वीरेन्द्र यादव और सहायक आयुक्त-सहायक निबंधक रमेश त्रिपाठी को निलंबित कर दिया। विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। व्यवस्था सुधारने के लिए रणविजय सिंह को नए सहायक आयुक्त व निबंधक के रूप में तैनात किया गया है। शासन ने निर्देश दिया है कि रबी अभियान प्रभावित न हो, समितियों पर नियमित और पारदर्शी आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और किसी भी स्तर की लापरवाही पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
