Connect with us

चन्दौली

सकलडीहा रजवाहा से ताजपुर रूपेठा मार्ग पर पैदल चलना दूभर

Published

on

सकलडीहा (चंदौली)। सकलडीहा रजवाहा से होकर ताजपुर वाया रूपेठा जाने वाला मार्ग जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो गया है। जिसके कारण आवागमन में काफी समस्या होती है। सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण रजवाहा में गिरने का भय बना रहता है। ग्रामीणों ने पीडब्ल्यूडी विभाग से सड़क मरम्मत और चौड़ीकरण की मांग उठाई है, जिससे आवागमन में सुलभता हो सके।

सकलडीहा रजवाहा से होकर ग्रामीण दुर्गापुर, ताजपुर, सरेहुआ, रूपेठा होते हुए कैली मार्ग से होकर पड़ाव और मुगलसराय के लिए जाते हैं। बीते कई साल से ताजपुर-रूपेठा मार्ग की मरम्मत नहीं होने से सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। बरसात होने पर सड़क पर जलभराव की स्थिति हो जाती है। इस रोड से छात्र और छात्राएं, ग्रामीण व किसान सुबह-शाम साइकिल, निजी वाहन और पैदल आते-जाते हैं।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण बगल से गुजरी रजवाहा का तटबंध कमजोर होने और सड़क के बराबर होने से गिरने का भय बना रहता है। ताजपुर परिषदीय स्कूल के पास रजवाहा का तटबंध सड़क के बराबर हो गया है। रजवाहा में तेज रफ्तार से पानी आने पर सड़क पर बहने लगता है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार मांग उठाने के बाद भी विभागीय अधिकारी अनजान बने हुए हैं। जबकि इसी मार्ग से होकर नर्सिंग की छात्राएं प्रशिक्षण केंद्र पर सुबह-शाम आती-जाती हैं।

कई जगह तटबंध पर पेड़ों के लटक जाने से आने-जाने में दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। ताजपुर के समाजसेवी अजीत पाठक, सूरज सिंह, पोप सिंह, राजेश चौहान, अमित सैनी, अरविंद सैनी, शमशेर सिंह ने जिला प्रशासन से सड़क की मरम्मत और चौड़ीकरण की मांग उठाई है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page