पूर्वांचल
अखिलेश यादव ने बैलेट वोट में लगाया धांधली का आरोप

आगरा के फतेहाबाद तहसील में 80 साल से उम्र के दिव्यांग और बुजुर्ग को घर पर मत डलवाने के दौरान एक मतदाता ने बिना मर्जी के मतदान कर्मी पर वोट डालने का आरोप लगाया। इस पर जमकर हंगामा हुआ। अब इस मामले में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक वीडियो ट्वीट किया है। इसमें उन्होंने एक वोट से कुछ नहीं होने की बात कहने वाले अधिकारी को सस्पेंड करने की मांग चुनाव आयोग से की है।
फतेहाबाद विधानसभा के ग्राम जगराजपुर में रविवार को घर पर वोट डालवाने के लिए टीम पहुंची। टीम दिव्यांग सुरेंद्र सिंह के घर पहुंची। सुरेंद्र सिंह ने वोट की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आरोप लगाया कि टीम द्वारा जबरन भाजपा पर निशान लगाकर उनका वोट डाल दिया गया। इसके बाद ग्रामीण एकत्रित हो गए।उन्होंने हंगामा कर दिया। जानकारी पर एसडीएम फतेहाबाद जेपी पांडेय व अन्य अधिकारी पहुंच गए। एसडीएम ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक वीडियो शेयर किया है। इसमें एसडीएम ग्रामीणों को समझाते हुए दिख रहे हैं। वीडियो में वो एक वोट से कुछ नहीं होने की बात कह रहे हैं। इस पर अखिलेश यादव ने सवाल खड़ा किया है।