Connect with us

वाराणसी

राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण पर कांग्रेस का जनजागरण, सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ

Published

on

Loading...
Loading...

नाटी इमली के प्राचीन हनुमान मंदिर में अभियान की सातवीं कड़ी; महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने पारदर्शी जांच और जवाबदेही की उठाई मांग
वाराणसी, 25 अगस्त। अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित चढ़ावे से जुड़े भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के आरोपों को लेकर कांग्रेस का जनजागरण अभियान जारी है। अभियान की सातवीं कड़ी के तहत मंगलवार को नाटी इमली स्थित प्राचीन हनुमान जी मंदिर परिसर में कांग्रेसजनों और स्थानीय नागरिकों ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया। इसके बाद सामूहिक आरती कर सत्य, न्याय, सद्भाव, पारदर्शिता और धर्म की विजय की प्रार्थना की गई।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि राम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है और श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित चढ़ावे के मामले में पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होनी चाहिए। उन्होंने चंपत राय और अनिल मिश्रा को क्लीन चिट दिए जाने पर सवाल उठाते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच की मांग की।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की लड़ाई किसी धर्म, मंदिर या धार्मिक आस्था के खिलाफ नहीं है। पार्टी भगवान श्रीराम और करोड़ों रामभक्तों की आस्था का सम्मान करती है, लेकिन मंदिर और भगवान श्रीराम के नाम से जुड़े किसी भी मामले में सत्य, न्याय और पारदर्शिता से समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता।
राघवेंद्र चौबे ने कहा कि गंभीर आरोपों की जांच केवल निचले स्तर तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालने वाले लोगों की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनीतिक प्रभाव, पद या संगठनात्मक पहुंच के आधार पर किसी को जवाबदेही से बाहर नहीं रखा जाना चाहिए।
कांग्रेस महानगर कमेटी प्रत्येक मंगलवार को अलग-अलग हनुमान मंदिरों में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ के माध्यम से यह जनजागरण अभियान चला रही है। कांग्रेस ने कहा कि वह लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से इस मुद्दे को जनता के बीच उठाती रहेगी।
कार्यक्रम में प्रजानाथ शर्मा, सतनाम सिंह, संतोष चौरसिया, हसन मेहदी कब्बन, हाजी इस्लाम, अनिल पटेल, बेलाल, गोपाल चौबे, विजय देवल, मिथुन सरकार, रामलखन साहनी, विकास, महेश सेठ, रामजी सिंह, अमित चौहान और गब्बू यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन व स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Loading...
Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page