चन्दौली
तुलसी आश्रम हाल्ट और पीथापुर के बीच ट्रेन से गिरी महिला गंभीर घायल, पहचान की कोशिश जारी
सकलडीहा (चन्दौली)। पीडीडीयू नगर-हावड़ा रेल मार्ग पर तुलसी आश्रम हाल्ट और पीथापुर के बीच ट्रेन से गिरकर एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना 23 अगस्त, रविवार की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही सकलडीहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल चंदौली भेजा।
112 पर मिली सूचना, जिला अस्पताल से ट्रामा सेंटर रेफर
ट्रेन से महिला के गिरने की सूचना 112 नंबर पर दी गई थी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
हालत में सुधार, लेकिन अभी बोल नहीं पा रही महिला
पुलिस के अनुसार घायल महिला की हालत में अब पहले से सुधार बताया जा रहा है, लेकिन वह अभी बोलने की स्थिति में नहीं है। ऐसे में उसका नाम और पता नहीं मिल पाने के कारण पुलिस के सामने उसकी पहचान कराने की चुनौती बनी हुई है।
जीआरपी और आरपीएफ की मदद से शिनाख्त का प्रयास
महिला की पहचान के लिए सकलडीहा पुलिस जीआरपी और आरपीएफ की मदद से फोटो के माध्यम से प्रचार-प्रसार करा रही है। पुलिस का प्रयास है कि जल्द से जल्द महिला के परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके।
जानकारी देने की अपील
सकलडीहा थानाध्यक्ष भूपेंद्र निषाद ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति घायल महिला को पहचानता है या उसके संबंध में कोई जानकारी रखता है तो तत्काल संबंधित पुलिस, जीआरपी अथवा आरपीएफ को सूचना दे, ताकि महिला की पहचान कर उसके परिजनों को जानकारी दी जा सके।
