गाजीपुर
लूट की मोटरसाइकिल और तमंचे के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार
सैदपुर, (गाजीपुर)। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सैदपुर पुलिस ने तीन आरोपियों को लूट की मोटरसाइकिल और अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को भितरी अंडरपास के पास हाईवे से पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों में एक युवक शामिल है, जबकि दो अन्य किशोर अपचारी बताए गए हैं।
भितरी अंडरपास के पास हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार क्षेत्राधिकारी सैदपुर के निर्देशन में 25 अगस्त को पुलिस टीम संदिग्धों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान भितरी अंडरपास के पास हाईवे पर तीन लोगों को एक बिना नंबर प्लेट की प्लेटिना मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से .315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ।
मारपीट कर छीनी गई थी मोटरसाइकिल
पुलिस के मुताबिक बरामद प्लेटिना मोटरसाइकिल 21 अगस्त को आजमगढ़ जिले के मेहनगर थाना क्षेत्र के गोपालपुर/करनेहुआ से रवि कुमार यादव निवासी भुड़कुड़ा, गाजीपुर के साथ मारपीट कर छीनी गई थी। इस संबंध में थाना मेहनगर में मुकदमा दर्ज है।
पूछताछ में सामने आई लूट की वजह
पुलिस के अनुसार पूछताछ में गिरफ्तार अखिलेश चौहान ने बताया कि वह एक लड़की से प्रेम करता था। लड़की के गांव का एक युवक उसे फंसाने की धमकी देता था। आरोप है कि उसी युवक को फंसाने के उद्देश्य से साथियों के साथ मिलकर मोटरसाइकिल लूटने की योजना बनाई गई थी। योजना सफल नहीं होने पर लूटी गई बाइक को बनारस में बेचने की तैयारी की जा रही थी, इसी दौरान पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
आर्म्स एक्ट समेत मुकदमा दर्ज
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना सैदपुर में मु0अ0सं0 288/26 के तहत धारा 317(2) बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, थाना मेहनगर में भी धारा 309(6) बीएनएस के तहत संबंधित मुकदमा दर्ज है। पुलिस द्वारा नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
बरामदगी
• एक तमंचा .315 बोर।
• एक जिंदा कारतूस .315 बोर।
• एक प्लेटिना मोटरसाइकिल, बिना नंबर प्लेट।
पुलिस टीम
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह मय हमराह तथा उपनिरीक्षक अनोज कुमार सिंह मय हमराह, थाना सैदपुर पुलिस शामिल रही।
