Connect with us

वाराणसी

वाराणसी की पूजा यादव हॉकी इंडिया टीम में चयनित

Published

on

Loading...
Loading...

ऑस्ट्रेलिया में करेंगी देश का प्रतिनिधित्व

वाराणसी। जिले के गंगापुर की रहने वाली पूजा यादव ने भारतीय महिला हॉकी टीम में अपनी जगह पक्की कर ली है। मिडफील्डर के रूप में उनका चयन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की सीरीज के लिए हुआ है। फिलहाल पूजा बेंगलुरु स्थित साई ट्रेनिंग कैंप में तैयारी में जुटी हैं।

पूजा का सफर गांव की पगडंडियों से शुरू हुआ। स्कूल जाते समय जब वो सिवान में लड़कों को क्रिकेट खेलते देखती थीं, तब खेल के प्रति लगाव बढ़ने लगा। गंगापुर इंटर कॉलेज के मैदान में लड़कों को हॉकी खेलते देखा तो यह खेल दिल को भा गया। यहीं से शुरू हुआ उनका असली हॉकी का सफर। कोच घनश्याम चोटीवाला ने उनकी प्रतिभा को पहचाना और प्रशिक्षण शुरू कराया।

2015 में कक्षा 9 में पढ़ाई के दौरान हॉकी थामने वाली पूजा ने स्टेट और नेशनल लेवल की कई प्रतियोगिताएं खेलीं। मिडफील्ड की भूमिका में निखरती गईं और पेनाल्टी कार्नर जैसी अहम जिम्मेदारियों को भी बखूबी निभाया।

Advertisement

पूजा के पिता महेंद्र यादव गंगापुर में दूध की छोटी डेयरी चलाते हैं। बेटी की उपलब्धि से गांव और परिवार गर्व से सराबोर है। मां कलावती देवी भी बेटी की मेहनत और सफलता को देख भावुक हो उठती हैं। छह बहनों और एक भाई में पूजा इकलौती हैं जो खेल से जुड़ी हुई हैं।

2017 में उनका चयन बेंगलुरु स्थित साई सेंटर के लिए हुआ। यहां उन्होंने अपनी स्किल्स को और निखारा। अब वो वाराणसी की पहली महिला हॉकी खिलाड़ी बन गई हैं जो भारतीय टीम के लिए खेलेंगी।

पूजा का अगला लक्ष्य ओलिंपिक में देश का प्रतिनिधित्व करना है। उन्हें ललित उपाध्याय जैसे ओलंपियन खिलाड़ियों से प्रेरणा मिलती है, जो खुद भी गांव से निकले और ओलंपिक तक पहुंचे। पूजा मानती हैं कि अनुशासन और ईमानदारी से ही सफलता पाई जा सकती है।

हॉकी वाराणसी के अध्यक्ष डॉ. ए.के. सिंह और सचिव कृष्ण बहादुर रावत ने पूजा को बधाई देते हुए कहा कि इस चयन से न सिर्फ काशी, बल्कि देशभर के युवाओं को प्रेरणा मिलेगी। ललित उपाध्याय के बाद एक बार फिर काशी हॉकी की चमक लौट रही है।

Advertisement

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page