जौनपुर
गैंगस्टर एक्ट के वांछित आरोपी के घर पुलिस ने चस्पा किया नोटिस, गांव में कराई मुनादी
न्यायालय के आदेश पर बरदह पुलिस ने पतहना गांव पहुंचकर की कार्रवाई, सार्वजनिक स्थानों पर भी लगाई गई नोटिस की प्रतियां
सरायख्वाजा । जौनपुर गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में फरार चल रहे एक वांछित आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर कानूनी प्रक्रिया तेज कर दी है। इसी क्रम में पुलिस टीम ने आरोपी के पैतृक गांव पहुंचकर उसके घर पर नोटिस चस्पा किया। साथ ही डुगडुगी बजवाकर पूरे गांव में मुनादी कराई गई और माइक के माध्यम से न्यायालय के आदेश की जानकारी ग्रामीणों को दी गई।
यह कार्रवाई सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के पतहना गांव निवासी सद्दाम उर्फ शदाब पुत्र शरीफ के खिलाफ की गई। आरोपी के विरुद्ध आजमगढ़ जिले के देवगांव थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस के अनुसार, आरोपी वर्तमान में बरदह थाना क्षेत्र के बक्सपुर गांव स्थित अपने ननिहाल में रह रहा है। मुकदमा संख्या 234/2026 में उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम की धारा 2(ख)1 और 3(1) के तहत वह वांछित चल रहा है।
न्यायालय की ओर से जारी भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 84 के आदेश का अनुपालन कराने के लिए बरदह थानाध्यक्ष चन्द्रदीप कुमार पुलिस बल के साथ पतहना गांव पहुंचे। वहां ग्रामीणों की मौजूदगी में डुगडुगी बजवाकर मुनादी कराई गई। पुलिसकर्मियों ने माइक से न्यायालय के आदेश को पढ़कर सुनाया और आरोपी को निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत उपस्थित होने की जानकारी सार्वजनिक की।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी के मकान के मुख्य दरवाजे पर नोटिस चस्पा किया। कार्रवाई को व्यापक रूप से सार्वजनिक करने के लिए गांव के रास्ते में लगे बिजली के खंभों तथा प्राथमिक विद्यालय की दीवार पर भी नोटिस की प्रतियां लगाई गईं।
इस दौरान हेड कांस्टेबल कमलेश सैनी, कांस्टेबल रोहित कुमार, महिला आरक्षी रिद्धिमा और हेड कांस्टेबल निगवेन्द्र कुमार सहित पुलिस टीम मौजूद रही। पुलिस ने बताया कि पूरी कार्रवाई न्यायालय के आदेश के अनुपालन में निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत संपन्न कराई गई।
