वाराणसी
31 दिसंबर को हुड़दंग करने पर सलाखों के पीछे बीतेगा साल का पहला दिन
वाराणसी पुलिस ने आगामी 31 दिसंबर की रात सड़कों और गंगा घाटों पर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। तेज रफ्तार वाहनों के साथ सड़क पर फर्राटा भरने वालों की ब्रेथ एनालाइजर के माध्यम से जांच की जाएगी। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सार्वजनिक स्थलों पर किसी प्रकार के उपद्रव को रोकने के लिए महिला और पुरुष पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में भी तैनात रहेंगे।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि 31 दिसंबर की शाम से ही पुलिस सक्रियता से सड़कों और प्रमुख चौराहों पर तैनात होगी। सभी एसीपी, थानाध्यक्ष और चौकी इंचार्ज अपने-अपने क्षेत्रों में गश्त करेंगे। डीसीपी और एडीसीपी अपने जोन में तैनात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी का निरीक्षण करेंगे। बिना अनुमति के सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार के कार्यक्रम के आयोजन की इजाजत नहीं दी जाएगी। यदि कोई व्यक्ति देर रात शराब पीकर गंगा घाटों पर हुड़दंग करने का प्रयास करता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
