Connect with us

भदोही

24 घंटे में फर्जी लूट का पर्दाफाश, 9.60 लाख बरामद

Published

on

Loading...
Loading...

दोस्त के साथ मिलकर रची थी लूट की साजिश, रकम बांटने से पहले दोनों गिरफ्तार

बैंक से रुपये निकालने के बाद बदमाशों द्वारा लूटे जाने की दी थी झूठी सूचना

भदोही। औराई पुलिस ने 9.60 लाख रुपये की कथित लूट के मामले का महज 24 घंटे में पर्दाफाश करते हुए शिकायतकर्ता समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि लूट की घटना फर्जी थी और दोनों ने रकम हड़पने के लिए मिलकर पूरी साजिश रची थी। पुलिस ने 9.60 लाख रुपये की पूरी रकम और पिट्ठू बैग बरामद कर लिया है।

बैंक से रुपये निकालकर रची लूट की कहानी

पुलिस के अनुसार, कठारी निवासी गुलाम आजाद ने 8 अगस्त को सूचना दी थी कि 7 अगस्त को उसने अपने दोस्त इमरान के साथ औराई स्थित एक्सिस बैंक से 9.60 लाख रुपये निकाले थे। आईटीआई कॉलेज लीलाधरपुर के पास अज्ञात बदमाशों द्वारा रकम लूट लिए जाने की शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 309(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी औराई राजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में जांच आगे बढ़ी तो घटना की कहानी संदिग्ध मिली।

Advertisement

रकम बांटने से पहले पुलिस ने दबोचा

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि गुलाम आजाद ने अपने दोस्त इमरान के साथ मिलकर लूट का नाटक रचा था। 9 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर औराई बाईपास से पुरुषोत्तमपुर तिराहे की ओर जाने वाली कच्ची सड़क पर घेराबंदी की गई। पुलिस ने दोनों को उस समय गिरफ्तार कर लिया, जब वे कथित तौर पर रकम बांटकर फरार होने की तैयारी में थे।

डायल 112 पर दी थी झूठी सूचना

पूछताछ में पुलिस के अनुसार गुलाम आजाद ने बताया कि वह बैंक एजेंसी चलाता है। लालच में आकर उसने इमरान के साथ मिलकर रकम हड़पने की योजना बनाई और लूट की झूठी कहानी बनाकर डायल-112 पर सूचना दी।

पुलिस ने मामले में धारा 316(5), 212 और 61(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। गिरफ्तारी टीम में प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह, निरीक्षक अपराध सेतान्षु शेखर पंकज, हेड कांस्टेबल एकलाख खां, कांस्टेबल रंजीत सिंह, वैभव सिंह, पवनेश कुमार, शेषनाथ और रिजर्व कांस्टेबल रामजी शामिल रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page