गाजीपुर
22 जून को होगी दिशा समिति की बैठक, सांसद अफजाल अंसारी करेंगे अध्यक्षता
रायफल क्लब सभागार में केंद्र पोषित योजनाओं की प्रगति की होगी समीक्षा
सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि एवं जिला स्तरीय अधिकारी रहेंगे उपस्थित
गाजीपुर। परियोजना निदेशक, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण महेंद्र प्रताप यादव ने बताया कि जिला समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक 22 जून 2026 को पूर्वाह्न 10 बजे से रायफल क्लब सभागार में आयोजित की जाएगी।
बैठक की अध्यक्षता अफजाल अंसारी, सांसद एवं दिशा समिति के अध्यक्ष करेंगे। बैठक में जनपद के सांसदों, विधायकों, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद गाजीपुर, मुहम्मदाबाद एवं जमानियां के अध्यक्षों, ब्लॉक प्रमुखों तथा समिति के अन्य सदस्यों को आमंत्रित किया गया है।
इसके अलावा जनपद के सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों को भी निर्धारित समय पर बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक के दौरान केंद्र सरकार द्वारा वित्त पोषित विभिन्न विकास योजनाओं के क्रियान्वयन, प्रगति, गुणवत्ता एवं अनुश्रवण की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। साथ ही योजनाओं के प्रभावी संचालन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी।
प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से बैठक में समय से उपस्थित होकर आवश्यक सूचनाओं और प्रगति रिपोर्ट के साथ प्रतिभाग करने का अनुरोध किया है।
