मिर्ज़ापुर
सपा ने मनाई पूर्व केंद्रीय मंत्री पंडित जनेश्वर मिश्र की 93वीं जयंती
‘छोटे लोहिया’ के आदर्शों पर चलकर समाजवाद को मजबूत करने का लिया संकल्प
मिर्जापुर, 5 अगस्त। समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय लोहिया ट्रस्ट में बुधवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं प्रख्यात समाजवादी नेता स्वर्गीय पंडित जनेश्वर मिश्र की 93वीं जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित गोष्ठी में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके विचारों और समाजवादी दर्शन को याद किया।
सादगी और समाजवादी विचारों के प्रतीक थे जनेश्वर मिश्र
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सपा जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी ने कहा कि पंडित जनेश्वर मिश्र अपनी सादगी, ईमानदारी और समाजवादी विचारधारा के कारण ‘छोटे लोहिया’ के नाम से प्रसिद्ध हुए। उन्होंने कहा कि वह समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्यों में शामिल रहे और लोकसभा व राज्यसभा के सदस्य रहते हुए सात बार केंद्रीय मंत्रिमंडल में मंत्री रहे। उनके आदर्श आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं और उन्हीं के मार्ग पर चलकर समाजवाद की परिकल्पना को साकार किया जा सकता है।
गरीबों और आम जनता के हितों के लिए किया संघर्ष
गोष्ठी का संचालन करते हुए जिला सहकारी बैंक के पूर्व चेयरमैन एडवोकेट सुरेन्द्र सिंह पटेल ने कहा कि छात्र जीवन में ही पंडित जनेश्वर मिश्र डॉ. राममनोहर लोहिया और जयप्रकाश नारायण के विचारों से प्रभावित हो गए थे। उन्होंने जीवनभर सादगी को अपनाया और गरीबों व आम जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि सात बार केंद्रीय मंत्री रहने के बावजूद जनेश्वर मिश्र के पास न निजी मकान था और न ही निजी वाहन, जो उनकी सादगी और ईमानदारी का उदाहरण है।
कार्यकर्ताओं ने उनके आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प
गोष्ठी में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पंडित जनेश्वर मिश्र के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि समाजवादी विचारधारा को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करने की प्रेरणा आज भी उनके जीवन से मिलती है।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में गुलाब चंद्र यादव ‘मुन्नी’, आशीष यादव, अशोक यादव, एडवोकेट सुरेन्द्र सिंह पटेल, रमाशंकर कोल, डॉ. शक्ति श्रीवास्तव, संतोष गोयल, अशोक सिंह ‘मुन्ना’, बलराम यादव, रवि सोनकर, मेवा लाल प्रजापति, राकेश यादव, रामजी यादव, चंदन यादव, धनंजय सिंह, लवकुश यादव, आशीष राव, प्रेम कुमार यादव ‘कल्लू’, अयान आलम, धीरज मौर्या, अजय सोनकर, रविन्द्र कुमार, विशाल सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
