Connect with us

आजमगढ़

12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर हजारों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

Published

on

Loading...
Loading...

कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान और एमडी पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम ने योग कर दिया स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश

महर्षि चंद्रमा ऋषि आश्रम बना मुख्य आयोजन स्थल, जनपद भर में योग सप्ताह और योग दिवस का भव्य आयोजन

आजमगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन जनपद आजमगढ़ में भव्य एवं व्यापक रूप से संपन्न हुआ। मुख्य कार्यक्रम महर्षि चंद्रमा ऋषि आश्रम, सिलनी में आयोजित किया गया, जहां कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने हजारों नागरिकों के साथ सामूहिक योगाभ्यास कर लोगों को नियमित योग अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानन्द राय, भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह, जिलाधिकारी रविंद्र कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार, मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण भी किया गया।

योग को वैश्विक पहचान दिलाने में भारत की महत्वपूर्ण भूमिका

कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति और सभ्यता का अभिन्न अंग है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से भारत की इस महान विरासत को वैश्विक पहचान मिली है और आज पूरी दुनिया योग के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर रही है।

Advertisement

उन्होंने कहा कि स्वच्छ और प्राकृतिक वातावरण में योग के लाभ और अधिक प्रभावी होते हैं। साथ ही सभी नागरिकों से वर्षा ऋतु में कम से कम एक पौधा लगाने की अपील की।

योग स्वस्थ और संतुलित जीवन की समग्र पद्धति : शंभू कुमार

विकास खंड सठियांव के ग्राम मोहब्बतपुर स्थित अमृत सरोवर पार्क में आयोजित कार्यक्रम में नोडल अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक, पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम वाराणसी शंभू कुमार ने योगाभ्यास कराया और लोगों को योग के महत्व से अवगत कराया।

उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने की समग्र पद्धति है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को निरोग, ऊर्जावान और आत्मविश्वासी बनाता है तथा राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान देता है।

योग सम्पूर्ण मानवता के कल्याण का माध्यम : जिलाधिकारी

जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने कहा कि योग सम्पूर्ण मानवता के कल्याण का अचूक माध्यम है। भारत की योग परंपरा आज पूरे विश्व को स्वास्थ्य और मानसिक संतुलन की नई दिशा दे रही है।

उन्होंने कहा कि महर्षि चंद्रमा ऋषि आश्रम तमसा और सिलनी नदी के संगम पर स्थित एक ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक स्थल है, जो हजारों वर्षों से ऋषि-मुनियों की तपोभूमि रहा है। उन्होंने नागरिकों से तमसा एवं सिलनी नदियों को स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त बनाए रखने की अपील की।

Advertisement

जनपद भर में चला योग जागरूकता अभियान

मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद की सभी ग्राम पंचायतों, तहसीलों, विकास खंडों, नगरीय निकायों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, अमृत सरोवरों, पार्कों, खेल मैदानों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया गया।

योगाभ्यास से पूर्व विभिन्न स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाया गया तथा वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। योग प्रशिक्षक लालचंद यादव, रवि प्रकाश सिंह, शशि यादव सहित अन्य प्रशिक्षकों ने विभिन्न क्षेत्रों में योग सत्र संचालित किए।

स्वास्थ्य, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का मिला संदेश

कार्यक्रमों में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया। योग सप्ताह और अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन ने स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनसहभागिता का प्रभावी संदेश दिया तथा योग को जनआंदोलन के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page