गाजीपुर
स्वर्गीय इश्तियाक अहमद खान को जमाना याद करेगा : मौलाना कयामुद्दीन नोमानी
शम्स मॉडल स्कूल में आयोजित हुई श्रद्धांजलि सभा
गाजीपुर। मोहम्मदाबाद तहसील क्षेत्र के ग्राम मुर्की खुर्द स्थित शम्स मॉडल स्कूल में स्वर्गीय इश्तियाक अहमद खान की पुण्य स्मृति में बुधवार को श्रद्धांजलि सभा, कुरआनख्वानी और मिलादुन्नबी का आयोजन किया गया। उनका निधन 29 मई 2026 को हुआ था। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य लोगों, उलेमाओं तथा छात्र-छात्राओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
अच्छे कर्म इंसान को अमर बना देते हैं
सभा को संबोधित करते हुए मौलाना कयामुद्दीन नोमानी ने कहा कि दुनिया में हर चीज़ का अंत निश्चित है, लेकिन अपने नेक कार्यों और आदर्श जीवन के कारण कुछ लोग समाज की स्मृतियों में हमेशा जीवित रहते हैं। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय इश्तियाक अहमद खान ऐसे ही व्यक्तित्व थे, जिनके योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि उनके पिता सिराजुल हक़ खान भी एक सम्मानित समाजसेवी व्यक्तित्व थे। इश्तियाक अहमद खान ने मुंबई, कोलकाता, दिल्ली और गाजीपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों में शिक्षा के विकास और सामाजिक कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
समाज सेवा करने वालों को नहीं भूलता जमाना
मछली बाजार की जामा मस्जिद के इमाम मौलाना अब्दुल रज्जाक ने कहा कि मनुष्य को अपने जीवन का उद्देश्य समझते हुए समाज और इंसानियत की सेवा के लिए कार्य करना चाहिए। जो लोग मानवता की भलाई के लिए कार्य करते हैं, उन्हें समाज कभी नहीं भूलता।
मग़फिरत के लिए की गई विशेष दुआ
कार्यक्रम के अंत में मौलाना कयामुद्दीन नोमानी ने स्वर्गीय इश्तियाक अहमद खान की मग़फिरत और उच्च दर्जे के लिए विशेष दुआ कराई।
बड़ी संख्या में लोग रहे उपस्थित
कार्यक्रम में मास्टर मोहिद्दीन खान, शहाबुद्दीन खान, मौलाना मिनहाज अख्तर, हाफिज दिलशाद अहमद, हाफिज अली असगर, मोहम्मद अली खान, नाजिम रजा, नुरुल हक खान, ज़ुबैर अहमद, अब्दुल वहाब खान, निखत परवीन, अदनान रज़ा, मेराज अहमद अंसारी, सिराज अहमद खान, अरशद खान, नसीम अहमद खान सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
अंत में विद्यालय के प्रबंधक खान अहमद जावेद ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
