वाराणसी
स्मार्ट मीटर गड़बड़ी पर एक्शन, जांच पूरी होने तक रोक
200 रुपये तक निगेटिव बैलेंस पर भी जारी रहेगी बिजली सप्लाई
सोलर-स्मार्ट मीटर समस्याओं पर लगेगा कैंप, मौके पर होगा समाधान
वाराणसी। बिजली निगम ने शहर में पुराने मीटरों को स्मार्ट मीटर से बदलने की प्रक्रिया पर अस्थायी रोक लगा दी है। यह निर्णय स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं की जांच कर रही तकनीकी समिति की रिपोर्ट आने तक प्रभावी रहेगा। साथ ही उपभोक्ताओं को राहत देते हुए यह तय किया गया है कि 1 किलोवाट से अधिक और 2 किलोवाट तक के घरेलू उपभोक्ताओं का कनेक्शन 200 रुपये तक निगेटिव बैलेंस या तीन दिन की अतिरिक्त अवधि (जो भी बाद में हो) तक नहीं काटा जाएगा।
इसी क्रम में भिखारीपुर स्थित एमडी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में निदेशक वाणिज्य शिशिर कुमार और निदेशक तकनीकी जितेंद्र नलवाया ने बताया कि शाम 6 बजे से सुबह 8 बजे तक, रविवार और राजपत्रित अवकाश के दिनों में भी किसी उपभोक्ता का कनेक्शन नहीं काटा जाएगा।
अधिकारियों ने यह भी जानकारी दी कि समय पर रिचार्ज करने वाले उपभोक्ताओं को बिजली दरों में 2 प्रतिशत की विशेष छूट दी जाएगी। यदि बैलेंस निगेटिव हो जाता है, तो 1 किलोवाट के घरेलू उपभोक्ताओं को 30 दिन का अतिरिक्त समय मिलेगा। किसी कारण से कनेक्शन कटने की स्थिति में रिचार्ज करने के दो घंटे के भीतर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
जिले में वर्तमान में 1,87,247 स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाए जा चुके हैं। मीटर के कॉन्फिगर न होने की समस्या पर अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आगे लगाए जाने वाले सभी मीटर पहले से कॉन्फिगर होंगे।
प्रीपेड स्मार्ट मीटर में बदलाव के दौरान उपभोक्ताओं की जमा सुरक्षा धनराशि को या तो बकाया बिल में समायोजित किया जाएगा या फिर प्रीपेड बैलेंस में जोड़ा जाएगा। स्मार्ट मीटर और सोलर पैनल से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक डिवीजन स्तर पर कैंप लगाए जाएंगे, जहां मौके पर ही शिकायतों का निस्तारण किया जाएगा। निगेटिव बैलेंस की स्थिति में कनेक्शन काटने से पहले उपभोक्ताओं को पांच बार संदेश भेजकर सूचना दी जाएगी।
