वाराणसी
अवैध शराब सिंडिकेट का पर्दाफाश, दो तस्कर गिरफ्तार
किराए के मकान में चल रहा था शराब का खेल, पुलिस ने 134 लीटर माल किया जब्त
वाराणसी। कैंट थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए किराए के मकान में छिपाकर रखी गई अंग्रेजी शराब का जखीरा बरामद किया है। इस दौरान बिहार में सप्लाई करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। मौके से भारी मात्रा में शराब के साथ नकदी भी मिली है।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन, अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन और सहायक पुलिस आयुक्त कैंट के पर्यवेक्षण में कैंट थाना प्रभारी की टीम ने “जीरो टॉलरेंस” नीति अपनाते हुए छापेमारी को अंजाम दिया।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत बीती रात करीब 11:30 बजे अर्दली बाजार के टकटकपुर अनौला स्थित एक किराए के मकान पर दबिश दी। छापेमारी में पुलिस को बड़ी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब मिली।
बरामदगी में कुल 134 लीटर शराब शामिल है, जिसमें 608 बोतल ऑफिसर चॉइस (180 मिली) और 134 बोतल 8 पीएम (180 मिली) पाई गईं। जब्त शराब की कीमत करीब 96,460 रुपये आंकी गई है। इसके अलावा 30 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गौरव साहनी (22 वर्ष) और अरविंद साहनी (35 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों बिहार के बेगूसराय जिले के चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार, ये लोग अवैध रूप से शराब एकत्र कर बिहार में आपूर्ति करते थे।
इस मामले में कैंट थाने पर मु0अ0सं0-0211/2026 के तहत धारा 60 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र, उपनिरीक्षक सत्यम यादव, उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह, उपनिरीक्षक आशुतोष तिवारी, महिला उपनिरीक्षक आरती गौड़, हेड कांस्टेबल मिथलेश कुमार सिंह, महिला कांस्टेबल स्नेहा पांडेय और कांस्टेबल राजन कुमार राव की प्रमुख भूमिका रही।
