भदोही
‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत निकली जागरूकता रैली, हर बच्चे को स्कूल से जोड़ने का दिया संदेश
छात्र-छात्राओं ने लगाए शिक्षा के महत्व से जुड़े नारे, अभिभावकों से नामांकन बढ़ाने की अपील
माधोरामपुर न्याय पंचायत में शिक्षकों और बच्चों ने ग्रामीणों को किया जागरूक
गोपीगंज (भदोही)। शिक्षा विभाग के निर्देश के क्रम में सोमवार को विकास खंड औराई के न्याय पंचायत माधोरामपुर अंतर्गत उच्च प्राथमिक विद्यालय गोपीगंज (ककराही) से न्याय पंचायत स्तरीय ‘स्कूल चलो अभियान’ रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को शिक्षा के प्रति जागरूक करते हुए बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराने का संदेश दिया गया।
रैली को विद्यालय परिसर से रवाना किया गया। इसके बाद रैली माधोरामपुर बस्ती, चौबे बस्ती और बड़े शिव मार्ग होते हुए पुनः विद्यालय परिसर पहुंचकर समाप्त हुई। इस दौरान छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने शिक्षा के महत्व से संबंधित नारे लगाए और अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की।
न्याय पंचायत के शिक्षकों और छात्रों ने लिया हिस्सा
रैली का नेतृत्व न्याय पंचायत के नोडल संकुल दिनेश कुमार प्रजापति ने किया। कार्यक्रम में न्याय पंचायत क्षेत्र के सभी प्रधानाध्यापक, अधिकांश शिक्षक-शिक्षिकाएं, शिक्षामित्र, अनुदेशक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
हर बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना उद्देश्य
इस अवसर पर शिक्षकों ने कहा कि ‘स्कूल चलो अभियान’ का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना, शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना और स्कूल छोड़ चुके बच्चों को दोबारा विद्यालय तक लाना है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के बेहतर भविष्य की नींव है। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक करते हुए सभी अभिभावकों से अपील की गई कि वे अपने बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराएं और उन्हें नियमित रूप से स्कूल भेजें।
