गाजीपुर
सैदपुर सीएचसी में 20 दिन से एक्स-रे सेवा ठप, मरीज बेहाल
संसाधनों के अभाव में जांच सेवाएं प्रभावित, निजी केंद्रों पर बढ़ा बोझ
सैदपुर (गाजीपुर) जयदेश। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर की स्थिति इन दिनों चिंताजनक बनी हुई है। अस्पताल में पैथोलॉजी और जांच संबंधी सेवाएं आवश्यक सामग्रियों के अभाव में प्रभावित हो रही हैं, जिससे मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मजबूरी में मरीजों को निजी केंद्रों पर महंगे दामों में जांच करानी पड़ रही है।
अस्पताल के एक्स-रे विभाग के कर्मचारियों के अनुसार, पिछले लगभग 20 दिनों से एक्स-रे प्लेट उपलब्ध नहीं है, जिसके कारण एक्स-रे जांच पूरी तरह बंद पड़ी है। यही हाल पैथोलॉजी और अन्य जांच केंद्रों का भी है। करोड़ों रुपये की मशीनें होने के बावजूद संसाधनों की कमी के कारण उनका उपयोग नहीं हो पा रहा है।
इस संबंध में जब मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) गाजीपुर से बातचीत की गई, तो उन्होंने बताया कि केंद्र पर लगी एक्स-रे मशीन काफी पुरानी हो चुकी है और उसके लिए प्लेट उपलब्ध कराना मुश्किल हो गया है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि नई डिजिटल एक्स-रे मशीन के लिए प्रस्ताव भेजा जा चुका है और संभावना है कि एक सप्ताह के भीतर नई मशीन उपलब्ध कराकर उसे स्थापित कर दिया जाएगा।
एक ओर जहां प्रदेश सरकार अपनी उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार कर रही है, वहीं दूसरी ओर स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधा की ऐसी स्थिति गंभीर सवाल खड़े करती है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक्स-रे प्लेट की 20 दिनों से अनुपलब्धता और इस पर कोई ठोस कार्रवाई न होना व्यवस्था की लापरवाही को दर्शाता है। इसके चलते मरीजों को आर्थिक और मानसिक दोनों प्रकार की कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
