Connect with us

गाजीपुर

सुखडेहरी कलां में आधी रात आग का कहर

Published

on

Loading...
Loading...

गाय बचाने में पशुपालक झुलसा

मच्छर भगाने के लिए किए धुएं से खपरैल के घर में लगी आग, गाय की मौत; मेडिकल कॉलेज में चल रहा इलाज

भांवरकोल। सुखडेहरी कलां गांव में शुक्रवार की भोर करीब तीन बजे मच्छर भगाने के लिए किए गए धुएं से खपरैल के घर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। हादसे में एक गाय की झुलसकर मौत हो गई, जबकि उसे बचाने के प्रयास में पशुपालक रामपुकार राम गंभीर रूप से झुलस गए। उनका इलाज गाजीपुर स्थित मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।

गांव निवासी रामपुकार राम पुत्र राजनारायन राम ने रात में पशुओं को मच्छरों से बचाने के लिए घर में धुआं किया था। इसके बाद परिवार सो गया। करीब तीन बजे अचानक आग भड़क उठी। नींद खुलने तक आग काफी फैल चुकी थी और खपरैल का पूरा मकान लपटों से घिर गया। पशुओं के बीच अफरा-तफरी मच गई।

Advertisement

आग की चपेट में आई गाय को बचाने के लिए रामपुकार आग के बीच जाने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान वह भी गंभीर रूप से झुलस गए। गाय बुरी तरह झुलस गई और उसकी मौत हो गई।

शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह करीब छह बजे आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक खपरैल का मकान पूरी तरह जल चुका था। घरेलू सामान के साथ पशुधन के नुकसान और परिवार के मुखिया के झुलसने से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

घटना की जानकारी मिलने पर प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया। उपजिलाधिकारी ध्रुव शुक्ला ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। परिवार की स्थिति को देखते हुए नियमानुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

हादसे के बाद गांव में गमगीन माहौल है। आग ने परिवार की छत छीनने के साथ ही पशुधन का नुकसान किया और परिवार के मुखिया को भी गंभीर रूप से झुलसा दिया।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page