मिर्ज़ापुर
सीमेंट से लदा अनियंत्रित ट्रेलर घरों में घुसा,
दो की मौत; कई मकान क्षतिग्रस्त
मिर्जापुर के गैपुरा चौकी क्षेत्र में देर रात हुआ भीषण हादसा, राहत-बचाव कार्य में जुटा प्रशासन
मिर्जापुर। विंध्याचल थाना क्षेत्र के गैपुरा चौकी अंतर्गत बुधवार देर रात सीमेंट से लदा एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने कई मकानों में जा घुसा। इस भीषण हादसे में दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। दुर्घटना में घायल लोगों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन की ओर से क्षतिग्रस्त मकानों का आकलन भी कराया जा रहा है।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने बताया कि हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
