Connect with us

मिर्ज़ापुर

बेकाबू सीमेंट कंटेनर घर में घुसा, पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत

Published

on

Loading...
Loading...

चारपाई पर सो रहे परिवार को रौंदा, 13 वर्षीय बेटे ने अस्पताल में तोड़ा दम; पुलिस ने कंटेनर कब्जे में लिया

मिर्ज़ापुर। विंध्याचल थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में बेकाबू सीमेंट कंटेनर घर में घुस गया। हादसे में चारपाई पर सो रहे पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल उनके 13 वर्षीय पुत्र ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

अनियंत्रित होकर घर में घुसा कंटेनर

पुलिस के अनुसार, गुरुवार तड़के करीब 3 बजे प्रयागराज की ओर से आ रहा सीमेंट से लदा कंटेनर (वाहन संख्या MP-19-ZQ-9901) विंध्याचल थाना क्षेत्र की गैपुरा पुलिस चौकी अंतर्गत कलना गहरवार के पास अनियंत्रित होकर एक मकान में घुस गया और पलट गया।

पिता की मौके पर, बेटे की अस्पताल में मौत

हादसे के समय घर के बाहर चारपाई पर सो रहे शिव प्रसाद गुप्ता (45) पुत्र गंगा प्रसाद गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनके 13 वर्षीय पुत्र रोहित गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एम्बुलेंस से रोहित को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मामला दर्ज, वाहन पुलिस कब्जे में

घटना की सूचना मिलते ही विंध्याचल थाना पुलिस, क्षेत्राधिकारी नगर और उपजिलाधिकारी सदर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कंटेनर को कब्जे में ले लिया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Advertisement

यातायात सामान्य, जांच जारी

पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद कुछ समय के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन स्थिति अब सामान्य है और आवागमन सुचारु रूप से संचालित हो रहा है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page