गाजीपुर
सिधौना-रामपुर हॉल्ट की बिजली व्यवस्था दुरुस्त, यात्रियों को मिली राहत
सिधौना (गाजीपुर)। करीब दो सप्ताह से बंद पड़ी सिधौना-रामपुर हॉल्ट की बिजली व्यवस्था शुक्रवार को दुरुस्त कर चालू कर दी गई। बिजली बहाल होने से यात्रियों को अब रात के समय अंधेरे से राहत मिलने की उम्मीद है।
दरअसल, सिधौना-रामपुर हॉल्ट पर रात में बिजली नहीं रहने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अंधेरे के कारण हॉल्ट परिसर में सुरक्षा को लेकर भी यात्रियों में चिंता बनी रहती थी। इससे किसी अप्रिय घटना की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता था।

विद्युत तार के ऊपर पेड़ की हरी डालें आ जाने के कारण बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने में परेशानी हो रही थी। लगातार बारिश के चलते डालों की कटाई का काम भी आगे नहीं बढ़ सका।
शुक्रवार को मौसम थोड़ा सूखा मिलने पर दिवाकर, राजू और लाइनमैन अरविंद मिश्र मौके पर पहुंचे। पेड़ की डालों को कटवाकर विद्युत तार को जोखिम मुक्त कराया गया। इसके बाद आवश्यक मरम्मत पूरी कर सिधौना-रामपुर हॉल्ट की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।
बिजली चालू होने से यात्रियों को राहत मिली है। रात में हॉल्ट पर रोशनी की व्यवस्था रहने से यात्रियों को आवागमन में सुविधा के साथ सुरक्षा का भी भरोसा मिलेगा।
